विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 02, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

विदेश मंत्री एस जयशंकर ने विदेशी राजदूतों के साथ नवरात्रि समारोह में हुए शामिल, गरबा में भी लिया हिस्सा

By Babli KumariEdited By:
Published: Sun, 02 Oct 2022 11:03 AM (IST)

विदेश मंत्री डॉ.एस जयशंकर ने वडोदरा में 50 विभिन्न देशों के प्रतिनिधियों के साथ लक्ष्मी विलास पैलेस का दौरा किया। ...और पढ़ें

विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने वडोदरा में नवरात्रि समारोह के दौरान की आरती
विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने वडोदरा में नवरात्रि समारोह के दौरान की आरती

नई दिल्ली, आनलाइन डेस्क। विदेश मंत्री एस. जयशंकर नवरात्रि उत्सव में शामिल होने के लिए कम से कम 50 राजदूतों एवं उच्चायुक्तों के साथ शनिवार को गुजरात में वडोदरा पहुंचे। गुजरात के वडोदरा में विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने मां अंबा जी की आरती की और नवरात्रि उत्सव में हिस्सा लिया।

गुजरात से राज्यसभा सदस्य जयशंकर ने  वडोदरा पहुंचने के बाद ट्वीट किया, ‘नवरात्रि का अनुभव लेने के लिए वडोदरा पहुंचे राजदूतों और उच्चायुक्तो को देखकर बहुत अच्छा लगा। कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए (मैं) बहुत उत्साहित हूं।’

उन्होंने संवाददाताओं से कहा कि ‘आज रात गरबा का आंनद लेने के लिए’ करीब 50 राजदूत एवं उच्चायुक्त उनके साथ आये हैं।

विदेश मंत्री ने कहा, ‘रविवार को वे सभी लोग (स्टैच्यू ऑफ यूनिटी और अन्य आकर्षक चीजों को देखने के लिए) केवड़िया जायेंगे और वे वहीं रात्रिविश्राम करेंगे। गुजरात को समझने की खातिर यह उनके लिए बहुत अच्छा मौका है।’

भारत में अफगानिस्तान के राजदूत फरीद मामुन्दजई ने इस मौके पर कहा- आज हम गुजरात आए और गरबा महोत्व में हिस्सा लिया। आप लोगों ने बहुत ज़्यादा मोहब्बत दी है। मैं अफगानिस्तान की तरफ से सारे गुजरातियों को धन्यवाद कहूंगा कि उन्होंने हमें मान, सम्मान और मोहब्बत दी।

गुजरात के वडोदरा में आयोजित गरबा महोत्सव में शामिल हुए रूस के राजदूत डेनिस अलीपोव उन्होंने इस मौके पर कहा - 'मैंने पहली बार गरबा खेला और मुझे बहुत पसंद आया। यह बहुत ही अच्छा महोत्सव है।

वहीं भारत में तंजानिया के उच्चायुक्त अनीसा के. मबेगा ने कहा- 'भारत और तंजानिया का एक विशेष संबंध है क्योंकि तंजानिया में रहने वाले अधिकांश भारतीय गुजरात से आते हैं, इसलिए यह मेरे लिए एक विशेष क्षण है।'

भारत में फिजी गणराज्य के उच्चायुक्त कमलेश प्रकाश ने कहा - इतना बड़ा आयोजन कहीं और नहीं होता। जितने यहां लोग इकट्ठे हुए हैं उतने शायद हमारे देश की जनसंख्या है। (प्रधानमंत्री) मोदी का जादू है जो लोगों को चुंबक की तरह जोड़कर रखता है। हमें फिजी में इतने बड़े स्तर पर यह देखने को नहीं मिलता।

डेनमार्क के राजदूत फ्रेडी स्वेन ने इस मौके पर कहा - यह बहुत ही ज़्यादा अच्छा त्योहार है। इतने सारे लोगों को देखकर बहुच अच्छा लग रहा है। मैं सभी भारतीयों को नवरात्रि की हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं।

बता दें कि विदेश मंत्री डॉ.एस जयशंकर ने वडोदरा में 50 विभिन्न देशों के प्रतिनिधियों के साथ लक्ष्मी विलास पैलेस का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि आज गर्व की बात है कि विदेश के 50 से ज्यादा राजदूतों के साथ हम यहां आए हैं। वे वड़ोदरा में समय बिताएंगे। उनमें काफी उत्साह है, वे गुजरात की उन्नति देखना चाहते हैं। मुझे उम्मीद है कि उनके मन में गुजरात के बारे में एक अच्छी छवि बनेगी।

मालूम हो कि राज्य की सांस्कृतिक राजधानी कहा जाने वाला वडोदरा गरबा के लिए प्रसिद्ध है। गरबा में हजारों लोग शामिल होते हैं और वे देवी की आराधना में गीत-संगीत के बीच पारंपारिक परिधानों में नृत्य करते हैं।

यह भी पढ़ें-  Gandhi Jayanti 2022: पीएम मोदी ने किया महात्मा गांधी के आदर्शों को याद, बोले- यह गांधी जयंती इसलिए है खास

यह भी पढ़ें-  Navratri 20222: दुर्गा पूजा के दौरान साइकिल चालकों की अनोखी पहल, वायु को प्रदूषण-मुक्त रखने का लिया संकल्प