Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    'रांची में कोई IIT नहीं है', सैम पित्रोदा के हैकिंग वाले दावे पर शिक्षा मंत्रालय का जवाब; कहा- कानूनी परिणाम भुगतने होंगे

    Updated: Thu, 27 Feb 2025 11:29 AM (IST)

    शिक्षा मंत्रालय ने कांग्रेस नेता सैम पित्रोदा के उन आरोपों को निराधार बताया जिसमें उन्होंने आईआईटी रांची में भाषण को हैक करने का दावा किया था। मंत्रालय ने कहा कि सैम पित्रोदा का बयान निराधार और अज्ञानता से भरा है। रांची में कोई आईआईटी नहीं है। आगे यह भी कहा कि ऐसे बयान से प्रतिष्ठित संस्थान की छवि को धूमिल करने की कोशिश की जा रही है।

    Hero Image
    इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के अध्यक्ष सैम पित्रोदा। ( फाइल फोटो )

    एएनआई, पीटीआई। इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के अध्यक्ष सैम पित्रोदा ने दावा किया कि आईआईटी रांची के छात्रों को वर्चुअली संबोधित करते समय किसी ने कार्यक्रम को हैक कर लिया। इसके बाद आपत्तिजनक सामग्री चला दी।

    अब शिक्षा मंत्रालय ने सैम पित्रोदा के दावों का खंडन किया और कहा कि रांची में कोई आईआईटी नहीं है। मंत्रालय ने यह भी कहा कि अगर आईआईटी जैसे प्रतिष्ठित संस्थान की छवि को धूमिल करने की कोशिश की गई तो कानूनी परिणाम भी भुगतने होंगे।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    पित्रोदा ने क्या किया था दावा?

    शिक्षा मंत्रालय ने एक्स पोस्ट में लिखा कि यह संज्ञान में आया है कि सैम पित्रोदा ने 22 फरवरी 2025 को अपने एक्स हैंडल पर एक वीडियो साझा किया था। उन्होंने वीडियो में कहा कि वह आईआईटी रांची में सैकड़ों छात्रों को संबोधित कर रहे थे और किसी ने उसे हैक कर लिया। कुछ आपत्तिजनक सामग्री चलानी शुरू कर दी। इससे कार्यक्रम बाधित हो गया।

    शिक्षा मंत्रालय ने आगे कहा कि यह स्पष्ट किया जाता है कि रांची में कोई आईआईटी नहीं है। इसलिए वीडियो में कही गई बात न केवल निराधार है बल्कि अज्ञानता से भी भरी है। रांची में एक भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईआईटी) है। मगर आईआईआईटी रांची ने इस बात की पुष्टि की है कि संस्थान ने सैम पित्रोदा को किसी भी सम्मेलन/सेमिनार में व्याख्यान देने के लिए आमंत्रित नहीं किया था।

    आईआईटी से निकले कई प्रतिभाशाली लोग

    मंत्रालय ने कहा कि इस तरह का लापरवाही भरा बयान देश के एक अत्यंत प्रतिष्ठित संस्थान यानी भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान की छवि को खराब करने की कोशिश लगती है। यह संस्थान समय की कसौटी पर खरा उतरा है। यहां से देश के कुछ सबसे प्रतिभाशाली लोग निकले हैं।

    आईआईटी की प्रतिष्ठा छात्रों, शिक्षकों और शिक्षाविदों की योग्यता, कड़ी मेहनत और उपलब्धि पर टिकी है। शिक्षा मंत्रालय ने कांग्रेस नेता सैम पित्रोदा के बयान की निंदा की और कहा कि इस प्रमुख संस्थान की छवि को खराब करने के ऐसे किसी भी प्रयास के लिए कानूनी परिणाम भुगतने होंगे।

    यह भी पढ़ें: 'भारत में मेरे पास कोई जमीन और घर नहीं, बिना वेतन के किया काम', भाजपा के आरोप पर बोले सैम पित्रोदा

    यह भी पढ़ें: भारतीयों पर कैसे असर डालेगा ट्रंप का गोल्ड कार्ड प्लान, कैसे मिलेगी नागरिकता; कितना करना पड़ेगा खर्च?