Back Image

Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck

    पहले टैरिफ की धमकी, अब मोदी से मिलने को बेचैन ट्रंप... इमीग्रेंट्स को लेकर क्या बोले अमेरिकी राष्ट्रपति?

    Updated: Tue, 28 Jan 2025 09:59 PM (IST)

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अगले महीने फरवरी में डोनाल्ड ट्रंप से मुलाकात कर सकते हैं। खुद अमेरिकी राष्ट्रपति ने इस संबंध में जानकारी दी है। ट्रंप ने सोमवार को पीएम मोदी से फोन पर बात की थी। इसके बाद पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने ये दावा किया। हालांकि विदेश मंत्रालय ने ऐसे किसी दौरे की अभी तक पुष्टि नहीं की है। पीएम मोदी का फरवरी में फ्रांस दौरा प्रस्तावित है।

    Hero Image
    27 जनवरी को दोनों नेताओं के बीच हुई थी बात (फाइल फोटो)

    जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। पीएम नरेन्द्र मोदी अगले महीने अमेरिका की यात्रा पर जा सकते हैं, जहां उनकी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से द्विपक्षीय संबंधों से जुड़े सभी पहलुओं पर बात होने की संभावना है।

    इस बात की जानकारी राष्ट्रपति ट्रंप ने स्वयं पीएम मोदी से टेलीफोन पर 27 जनवरी को हुई वार्ता के बाद दी। ट्रंप ने यह भी बताया कि पीएम मोदी ने उनसे गैरकानूनी प्रवासियों के मुद्दे पर सही कदम उठाने का आश्वासन दिया है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    आधिकारिक तौर पर स्पष्ट जानकारी नहीं

    वैसे इस बारे में भारतीय विदेश मंत्रालय ने आधिकारिक तौर पर स्पष्ट जानकारी नहीं दी है। भारत की तरफ से यह बताया गया है कि दोनों नेताओं के बीच प्रौद्योगिकी, कारोबार, निवेश, ऊर्जा व रक्षा संबंधों पर बात हुई है।

    सोमवार सुबह मेरी मोदी से काफी लंबी बात हुई है। वह संभवत: अगले महीने (फरवरी) में वा¨शगटन आएंगे। भारत के साथ हमारे बहुत ही अच्छे संबंध होंगे।

    - डोनाल्ड ट्रंप

    मोदी से बातचीत के बाद राष्ट्रपति ट्रंप ने जो बयान दिया है, उससे एक बार फिर भारत को लेकर अमेरिका के नये प्रशासन की नीतिगत असमंजसता सामने आ गई है। एक तरफ ट्रंप ने भारत के साथ बेहद अच्छे संबंध होने की बात कही और इसके कुछ ही समय बाद भारत को चीन व ब्राजील जैसे उन देशों की श्रेणी में रख दिया जो अमेरिकी उत्पादों पर बहुत ज्यादा शुल्क लगाते हैं।

    ट्रंप ने दी थी धमकी

    इसके साथ ही ट्रंप ने परोक्ष तौर पर यह धमकी फिर से दोहराई कि इन देशों के आयात पर अतिरिक्त शुल्क लगाया जाएगा। ट्रंप ने कहा कि, 'हम उन सभी देशों पर ज्यादा शुल्क लगाएंगे तो हमें नुकसान पहुंचाना चाहते हैं। चीन बहुत ही ज्यादा शुल्क लगाता है। भारत, ब्राजील जैसे कुछ दूसरे देश भी ऐसा ही करते हैं। हम आगे ऐसा नहीं होने देंगे क्योंकि हम फिर से अमेरिकी हित को सबसे पहले रखेंगे।'

    ट्रंप राष्ट्रपति चुनाव के दौरान और चुनाव जीतने के बाद भी कम से कम तीन बार चीन, मैक्सिको, ब्राजील के साथ भारत का भी नाम ले कर इनके आयातों पर ज्यादा शुल्क लगाने की बात कर चुके हैं।

    अप्रवासियों के मुद्दे पर भी बात

    • रिपोर्टरों ने जब ट्रंप से पूछा कि मोदी ने गैरकानूनी तौर पर अमेरिका में रहने वाले भारतीयों के बारे में कुछ कहा है तो ट्रंप ने कहा है कि 'जो भी सही होगा वह करेंगे। हम अभी बात कर रहे हैं।'
    • सनद रहे कि अमेरिका के नये विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने विदेश मंत्री एस जयशंकर के साथ पहली बैठक में भी गैर कानूनी तौर पर रहने वाले भारतीयों का मुद्दा उठाया था। अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने कहा था कि 18 हजार भारतीयों को वापस स्वदेश भेजने पर बात हुई है।
    • इस बारे में भारत के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रंधीर जायसवाल ने कहा कि भारत विदेश में बगैर कानूनी कागजों के रहने वाले हर भारतीय को वापस लेने को तैयार है, लेकिन इसके लिए विदेशी सरकारों को यह साबित करना होगा कि वह व्यक्ति भारतीय ही है।

    फरवरी में फ्रांस जाएंगे मोदी

    मोदी के अमेरिका जाने को लेकर अभी तक भारत सरकार की तरफ से आधिकारिक तौर पर कुछ नहीं कहा गया है। विदेश मंत्रालय के अधिकारियों ने पिछले दिनों यह जरूर कहा था कि, भारत व अमेरिका के अधिकारी एक दूसरे के साथ संपर्क में हैं ताकि मोदी और ट्रंप की शीघ्र मुलाकात कराई जाए।

    बता दें कि पीएम मोदी 10-11 फरवरी, 2025 को फ्रांस जाने वाले हैं और हो सकता है कि इसके साथ ही अमेरिका यात्रा को जोड़ा जाए।

    यह भी पढ़ें: भारत और चीन को ट्रंप की चेतावनी... टैरिफ को लेकर भड़के अमेरिकी राष्ट्रपति, बोले- 'अब केवल America First'