कॉफी शॉप, होटल रूम और ड्रिंक्स... कैसे महिला ने डेटिंग ऐप पर शख्स को लगाया 2 लाख का चूना?
बेंगलुरु में एक तकनीकी विशेषज्ञ डेटिंग ऐप बंबल पर एक महिला से मिला और धोखाधड़ी का शिकार हो गया। महिला ने उसे कमरे में बुलाया जहां चार लोगों ने प्रवेश किया और ड्रग पार्टी का आरोप लगाया। उन्होंने 15 लाख रुपये की मांग की लेकिन शख्स दो लाख रुपये देने को तैयार हो गया। बाद में पुलिस ने खुलासा किया कि यह डेट-एक्सटॉर्शन मॉड्यूल था।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। डेटिंग ऐप्स के जरिए धोखाधड़ी अब आम घटना हो गई हैं। पार्टनर की तलाश में लोग डेटिंग ऐप पर अंजान लोगों से दोस्ती करते हैं और आखिरकार धोखाधड़ी का शिकार होते हैं। ऐसी ही एक घटना बेंगलुरु में घटी, जहां एक तकनीकी विशेषज्ञ डेटिंग ऐप पर धोखाधड़ी का शिकार हो गया।
दरअसल, डेटिंग ऐप बंबल पर एक शख्स की प्रोफाइल संगीता नामक महिला से मैच हुई। दोनों कई हफ्तों तक मैसेज और वीडियो कॉल पर बातें करते। इसके बाद दोनों ने डेट पर जाने का फैसला किया। वे एक कॉफी शॉप में मिले। सबकुछ सही लग रहा था।
इसके बाद महिला ने सुझाव दिया कि वो रूम में चलकर ड्रिंक्स (शराब का सेवन) करे। इसके बाद रूम में जो कुछ हुआ वो शख्स के लिए किसी बुरे सपने से कम नहीं था।
कमरे में दाखिल हुए चार लोग
रूम में दोनों बैठकर बातें कर रहे थे, तभी चार आदमी कमरे में दाखिल हुए। चारों ने शख्स पर ड्रग पार्टी में शामिल होने का आरोप लगाया। पुलिस बुलाने की धमकी दी। वहीं, चारों ने कमरे की तलाशी भी शुरु कर दी। तभी एक व्यक्ति ने महिला के बैग की तलाशी ली। महिला के बैग से सफेद पाउडर का पैकेट निकला। चारों ने दावा किया कि यह ड्रग्स है।
दो लाख रुपये में हुआ समझौता
संगीता रोने लगी और दूसरे कमरे में भाग गई और खुदकुशी की धमकी देने लगी। शख्स ने चारों से अनुरोध किया कि वे महिला को छोड़ दें। चारों ने समझौते की बात की। इसके बाद शख्स से 15 लाख रुपये मांग गए। बातचीत के बाद शख्स दो लाख रुपये देने के लिए तैयार हो गया।
पुलिस ने बताई पूरी सच्चाई
इस घटना के तीन दिन बाद शख्स ने पुलिस में शिकायत की। पुलिस को जानकारी मिली की एक डेट-एक्सटॉर्शन मॉड्यूल चल रहा है, जहां संगीता भी चारों के साथ मिली हुई थी। सफेद पाउडर कोई ड्रग्स नहीं बल्कि बेकिंग सोडा था।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और छह लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने शरणबसप्पा, राजू माने, श्याम सुंदर, अभिषेक, बीरबल और संगीता को गिरफ्तार किया।
पुलिस उपायुक्त (उत्तर पूर्व डिवीजन) सजीथ वीजे ने जानकारी दी "आरोपियों में से एक पर बेंगलुरु में इसी तरह के अपराध का एक पुराना मामला दर्ज है। हम बाकी आरोपियों की आपराधिक पृष्ठभूमि की जाँच कर रहे हैं। हमें पता चला है कि महिला उत्तर प्रदेश की रहने वाली है और इससे पहले एक डांस बार में काम करती थी।"
पुलिस अधिकारी ने आगे कहा कि हम आगे की जांच कर रहे हैं। हम यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि ऐसे कितने पीड़ित हैं। उन्होंने पहले भी ऐसा करने की बात कबूल की है। हम पीड़ितों से संपर्क करेंगे और अधिक जानकारी हासिल करेंगे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।