विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 30, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Cyclone Fengal: चक्रवात फेंगल ने तमिलनाडु में दी दस्तक, तूफान के साथ कई जिलों में भारी बारिश; अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट बंद

Published: Sat, 30 Nov 2024 04:03 PM (IST)Updated: Sat, 30 Nov 2024 08:31 PM (IST)

Cyclone Fengal तमिलनाडु राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने चेन्नई में तीन आपदा राहत दल और चक्रवात फेंगल से प्रभावित अन्य ...और पढ़ें

Cyclone Fengal: चेन्नई में भारी बारिश का दौर जारी। (फोटो- एएनआई)
Cyclone Fengal: चेन्नई में भारी बारिश का दौर जारी। (फोटो- एएनआई)

HighLights

  1. प्रशासन ने तमिलनाडु में 16 आपदा राहत टीमों को किया तैनात।
  2. ओल्ड महाबलीपुरम रोड पर सार्वजनिक परिवहन सेवा निलंबित।
  3. मछुआरों को समुद्र और लोगों को तट पर न जाने की दी सलाह।

एएनआई, चेन्नई। चक्रवाती तूफान फेंगल ने पुडुचेरी तट और तमिलनाडु में दस्तक देना शुरू कर दिया है। आईएमडी के मुताबिक चक्रवाती तूफान अगले तीन से चार घंटों में तमिलनाडु और पुडुचेरी के तटों को पार कर सकता है। 70-80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल रही हैं। इस बीच तमिलनाडु के अधिकांश हिस्सों में भारी बारिश का दौर जारी है।

खराब मौसम की वजह से चेन्नई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को शनिवार शाम सात बजे तक अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। उधर, इंडिगो एयरलाइंस ने चेन्नई आने वाली सभी उड़ानों को डायवर्ट कर दिया है। भारी बारिश की वजह से तमिलनाडु के नौ जिलों के स्कूलों में छुट्टी घोषित की गई है। मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है।

समुद्र तटों पर बढ़ाई गई सुरक्षा

प्रशासन ने पुडुचेरी तट पर सुरक्षा भी बढ़ा दी है। पुडुचेरी के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कलैवानन ने क्षेत्र में समुद्र तटों और तटीय सड़कों का दौरा किया। तमिलनाडु में लोगों को चेन्नई में मरीना बीच, पट्टिनापक्कम और एडवर्ड इलियट बीच समेत समुद्र तटों पर न जाने की सलाह दी गई है।

पुडुचेरी में पर्यटन स्थलों को चक्रवात फेंगल के कारण एहतियात के तौर पर बंद कर दिया गया है। पुडुचेरी में तटीय क्षेत्रों मे 300 पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया है। आईएमडी के अनुसार शनिवार सुबह पुडुचेरी में मध्यम बारिश हुई। तमिलनाडु के विलुप्पुरम के मरकानम में भारी बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी है। चेन्नई के बेसेंट नगर इलाके में पेड़ उखड़ गए हैं।

चेन्नई में सड़कें जलमग्न

चेन्नई में भारी बारिश के कारण सड़कें जलमग्न हो गई हैं। कई इलाकों में लोग जलभराव से जूझ रहे हैं। न्यू वाशरमैनपेट, जेमिनी फ्लाईओवर और माउंट रोड इलाके में टखने तक जलभराव है। तूफान की वजह से तटीय इलाकों में बारिश और तेज हवाओं की वजह से मौसम बदल चुका है। चेन्नई में शुक्रवार की रात से आज सुबह तक लगातार भारी से मध्यम बारिश दर्ज की गई। 

कई इलाकों में रेड अलर्ट जारी

आईएमडी ने कहा कि मौसम विभाग चेन्नई, श्रीहरिकोटा और चेन्नई के डॉपलर मौसम रडार के अलावा उपग्रह अवलोकनों से चक्रवात फेंगल पर लगातार नजर रख रहा है। आईएमडी के अनुसार चक्रवात आज शाम उत्तरी तमिलनाडु के तटीय क्षेत्रों से टकराएगा और दक्षिणी आंध्र प्रदेश के तटों समेत दक्षिणी राज्यों के विभिन्न हिस्सों में रेड अलर्ट जारी किया गया है।

यह भी पढ़ें: महाराष्ट्र में नई सरकार के गठन की तारीख हो गई कन्फर्म! सीएम की रेस में देवेंद्र फडणवीस सबसे आगे

यह भी पढ़ें: बाबा सिद्दीकी मर्डर केस में मुंबई पुलिस का बड़ा एक्शन, सभी 26 आरोपियों पर लगा MCOCA