Weather Updates: बर्फबारी और बारिश की वजह से ठिठुर रहा उत्तर भारत, दिल्ली-NCR समेत इन इलाकों में घने कोहरे का अलर्ट
Weather Updates जम्मू-कश्मीर हिमाचल और उत्तराखंड के ऊंचे पहाड़ों पर जारी हिमपात से पर्वतीय इलाकों पर रहने वाले लोगों की मुश्किलें बरकरार हैं। रविवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 17.3 डिग्री सेल्सियस रहा। सुबह के वक्त घने कोहरे के कारण उड़ानें विलंबित हुईं। मौसम विभाग ने सोमवार को भी घना कोहरा होने का पूर्वानुमान जारी किया है। उत्तर प्रदेश में भी रविवार को कई जिलों में हल्की वर्षा हुई।
जेएनएन, नई दिल्ली। ठंड के साथ वर्षा, कोहरा और पहाड़ों पर जारी हिमपात से जनजीवन लगातार प्रभावित है। शनिवार शाम से दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई क्षेत्रों में शुरू हुआ वर्षा का सिलसिला रविवार को भी जारी रहा। उत्तर प्रदेश समेत पंजाब, हरियाणा में हल्की वर्षा हुई। इस कारण से ठिठुरन बढ़ गई।
दिल्ली-हरियाणा में घने कोहरे का अलर्ट
जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड के ऊंचे पहाड़ों पर जारी हिमपात से पर्वतीय इलाकों पर रहने वाले लोगों की मुश्किलें बरकरार हैं। रविवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 17.3 डिग्री सेल्सियस रहा। सुबह के वक्त घने कोहरे के कारण उड़ानें विलंबित हुईं। वहीं दो दर्जन से ज्यादा ट्रेनें भी लेट चल रही हैं। मौसम विभाग ने सोमवार को भी घना कोहरा होने का पूर्वानुमान जारी किया है।
हरियाणा में रविवार को 6.8 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान के साथ नारनौल सबसे ठंडा स्थान रहा। चंडीगढ़ और अंबाला में तापमान 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। मौसम विज्ञानियों ने संक्रांति तक कोहरे से राहत नहीं मिलने का अनुमान जताया है। सोमवार को सुबह और शाम को घना कोहरा छाएगा।
पंजाब के अधिकतर जिलों में रविवार सुबह वर्षा हुई। इस कारण से तापमान में गिरावट आई और ठिठुरन बढ़ गई। दिनभर धूप और बादलों की आंख मिचौली भी चलती रही। मौसम विभाग ने राज्य में सोमवार को घनी धुंध का येलो अलर्ट भी जारी किया है।
बारिश की वजह से यूपी में और बढ़ी सर्दी
उत्तर प्रदेश में भी रविवार को कई जिलों में हल्की वर्षा हुई। इसके साथ ही गलन और बढ़ गई है। प्रदेश के पश्चिमी, मध्य और पूर्वी हिस्सों में सुबह के वक्त कोहरे का असर दिखाई दिया। राजस्थान में रविवार को बारिश और तेज सर्दी के बीच घना कोहरा छाया रहा।
कोहरे के कारण रविवार को प्रदेश की राजधानी जयपुर सहित कई शहरों में दृश्यता क्षमता 30 मीटर से कम रही है। जोधपुर हवाई अड्डे पर कोहरे के कारण तीन विमान नीचे नहीं उतर सके। मौसम विभाग ने 15 जनवरी से एक और नया मौसम तंत्र सक्रिय होने की संभावना जताई है।
कैसा हैं पहाड़ी राज्यों का मौसम?
पहाड़ों पर सर्दी का सितम जारी, कई मार्ग बंद श्रीनगर में शनिवार रात न्यूनतम तापमान शून्य से तीन डिग्री नीचे दर्ज किया। जबकि पहलगाम में न्यूनतम तापमान शून्य से 6.2 डिग्री नीचे दर्ज किया कश्मीर में सबसे ठंडा क्षेत्र रहा। उधर, जम्मू में रविवार को दिनभर धूप खिली रही, लेकिन सुबह-शाम कोहरा मुश्किलें बढ़ा रहा है।
मौसम विभाग ने कहा कि 18 जनवरी तक घाटी में मौसम ज्यादातर बादल छाए रहेंगे, लेकिन शुष्क रहेंगे और 15 और 16 जनवरी को अलग-अलग ऊंचाई वाले स्थानों पर हल्की बर्फबारी की संभावना है। हिमाचल में वर्षा व हिमपात के कारण शीतलहर तेज हो गई है।
अटल टनल, भरमौर सहित नारकंडा व कुफरी में हिमपात हुआ है, जबकि शिमला में दोपहर बाद ओलावृष्टि हुई। हिमपात के कारण शिमला-चौपाल राष्ट्रीय राजमार्ग बंद हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिन तक ऊना, मंडी, बिलासपुर, कांगड़ा में शीतलहर रहेगी।
16 से पश्चिमी विक्षोभ फिर सक्रिय होगा और हिमपात व वर्षा की संभावना जताई है। अटल टनल रोहतांग फिलहाल फोर बाई फोर वाहनों के लिए खुली है। अटल टनल की ओर हिमपात होता देख मनाली प्रशासन ने सुबह सात से 11 बजे तक वाहनों को सोलंग में ही रोक दिया था।
उत्तराखंड में चारधाम, हेमकुंड, औली समेत सभी ऊंची चोटियों पर बर्फबारी हो रही है। जबकि मैदानी क्षेत्रों में वर्षा का क्रम जारी है। गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग, थल-मुनस्यारी माग, तवाघाट- लिपुलेख मार्ग छियालेश के आगे और बदरीनाथ हाईवे हनुमान चट्टी के पास बर्फबारी के कारण बंद रहा। यमुनोत्री हाईवे बर्फबारी के कारण फिसलन भरा है। केदारनाथ धाम में तीन फीट तक बर्फ जमी है। वहां तापमान माइनस 19 डिग्री पहुंच गया है। दारमा मार्ग पर भी यातायात प्रभावित है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।