Delhi BMW Accident: अधिकारी की मौत से लेकर दूर के अस्पताल ले जाने तक...BMW एक्सीडेंट केस में अब तक क्या-क्या हुआ?
दिल्ली में हुए BMW हादसे में वित्त मंत्रालय के अधिकारी नवजोत सिंह की मौत हो गई जबकि उनकी पत्नी घायल हैं। आरोप है कि घायल दंपत्ति को पास के अस्पताल की जगह दूर के अस्पताल ले जाया गया क्योंकि अस्पताल आरोपी के पिता का है। मृतक के परिवार ने अस्पताल प्रबंधन पर मेडिकल रिपोर्ट में हेरफेर करने का आरोप लगाया है।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दिल्ली में रविवार को हुआ BMW हादसा अब बड़े विवाद का रूप ले चुका है। इस हादसे में वित्त मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी नवजोत सिंह की मौत हो गई और उनकी पत्नी संदीप कौर गंभीर रूप से घायल हैं। हादसा दिल्ली कैंट मेट्रो स्टेशन के पास हुआ, जब दोनों बंगला साहिब गुरुद्वारा से घर लौट रहे थे।
हादसे के बाद BMW कार चला रही गगनप्रीत कौर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। लेकिन सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि घायल दंपत्ति को पास के अस्पताल की बजाय 19 किलोमीटर दूर जीटीबी नगर स्थित न्यूलाइफ अस्पताल क्यों ले जाया गया।
अस्पताल और आरोपी परिवार का रिश्ता
एनडीटीवी ने सूत्रों के हवाले से बताया कि न्यूलाइफ अस्पताल में दंपत्ति को ले जाया गया, उसके सह-मालिक गगनप्रीत के पिता हैं। अस्पताल का कहना है कि नवजोत सिंह को मृत अवस्था में लाया गया था और उनकी पत्नी को प्राथमिक इलाज देकर दूसरे अस्पताल भेज दिया गया। वहीं, गगनप्रीत और उनके पति का इलाज भी वहीं किया गया। बाद में गगनप्रीत को डिस्चार्ज कर दिया गया और पुलिस ने तुरंत उन्हें हिरासत में ले लिया। कोर्ट ने फिलहाल उन्हें दो दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा है।
मृतक के परिवार के आरोप
मृतक अधिकारी के बेटे ने गंभीर सवाल उठाए हैं। उसने कहा कि इतने पास कई बड़े अस्पताल होने के बावजूद उसके माता-पिता को इतनी दूर क्यों ले जाया गया। उसका आरोप है कि अस्पताल प्रबंधन मेडिकल रिपोर्ट को लेकर पारदर्शी नहीं है और गलत सर्टिफिकेट बनाने की कोशिश भी कर सकता है।
इधर, नवजोत सिंह के वकील ईशान देवान ने कहा है कि यह केवल 'दो मिनट का हादसा' नहीं बल्कि 'कई घंटों का पूरा एपिसोड' था। उनका आरोप है कि सही समय पर पास के अस्पताल में ले जाने से जान बच सकती थी, लेकिन ऐसा नहीं किया गया।
पुलिस की अगली जांच
पुलिस अब उस कैब ड्राइवर गुलफाम से भी पूछताछ करेगी, जिसने घायलों को अस्पताल तक पहुंचाया। जांच टीम यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आखिर क्यों पास के अस्पताल छोड़कर दूर वाले अस्पताल ले जाया गया। वहीं, कोर्ट ने साफ किया है कि आरोपी को जेल में जरूरत पड़ने पर मेडिकल सुविधा दी जाएगी। गगनप्रीत को दो दिन बाद फिर कोर्ट में पेश किया जाएगा।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।