भाषा विवाद के बीच BJP महिला मोर्चा की नई पहल, हिन्दी में होगा वीरांगना रानी वेलू नचियार पर नाटक का मंचन
तमिलनाडु में भाषा विवाद के बीच भाजपा महिला मोर्चा वीरांगना रानी वेलु नचियार की गाथा को उत्तर और दक्षिण भारत के बीच सांस्कृतिक सेतु बनाने का प्रयास कर रहा है। 29 मार्च को केदारनाथ साहनी ऑडिटोरियम में उनके जीवन पर आधारित नाटक का मंचन होगा। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह मुख्य अतिथि होंगे। इस अवसर पर 75 महिला स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान पर आधारित एक पुस्तक का अनावरण भी किया जाएगा।

जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। दक्षिण भारत खासकर तमिलनाडु में आजकल भाषा विवाद कुछ ज्यादा ही गरमाया हुआ है। तमिलनाडु सरकार कभी नयी शिक्षा नीति के बहाने तो कभी हिन्दी भाषा थोपने का आरोप लगा रही है।
इस बीच भाजपा महिला मोर्चा ने दक्षिण भारत की वीरांगना रानी वेलू नचियार की गाथा को उत्तर और दक्षिण भारत के बीच सांस्कृतिक जुड़ाव का सेतु बनाने के प्रयास शुरू कर दिए हैं।
रानी वेलु नचियार नाटक का होगा मंचन
मोर्चा ब्रिटिश हुकूमत से लड़ने वाली पहली रानी वीरांगना रानी वेलु नचियार पर आधारित नाटक का हिन्दी में मंचन कराने जा रहा है। रानी लक्ष्मीबाई ने अंग्रेजों से लोहा लिया था, यह बात उत्तर भारत के लोग बहुत अच्छे से जानते हैं, लेकिन लक्ष्मीबाई से पहले अंग्रेजों को धूल चटाने वाली रानी वेलु नचियार की गाथा से यहां के लोग ज्यादा परिचित नहीं। ऐसे में हिन्दी में रानी वेलु नचियार पर आधारित नाटक का मंचन स्वतंत्रता संग्राम में उनके बहुमूल्य योगदान और महान संघर्ष को जीवंत करेगा।
केदारनाथ साहनी ऑडिटोरियम होगा नाटक
रानी वेलु नचियार पर आधारित नाटक का मंचन 29 मार्च को शाम चार बजे यहां केदारनाथ साहनी ऑडिटोरियम सिविक सेंटर में होगा। कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ नेता रक्षामंत्री राजनाथ सिंह मुख्य अतिथि होंगे।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी और ओडिशा की उपमुख्यमंत्री पार्वती परिदा विशिष्ट अतिथि होंगी। इसके अलावा कार्यक्रम में भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष वनाथी श्रीनिवासन व अन्य विशिष्ट जन शामिल होंगे। मंचन में रानी वेलु नचियार के जीवन का वर्णन किया जाएगा और आजादी के लिए प्राण न्योछावर करने वाली 75 महिला स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को लेकर एक पुस्तक का भी अनावरण किया जाएगा।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।