कावेरी जल विवाद को लेकर तेजस्वी सूर्या ने किया प्रदर्शन, कर्नाटक सरकार पर विफलता का लगाया आरोप
भाजपा सांसद तेजस्वी सूर्या ने कावेरी जल विवाद को लेकर कर्नाटक सरकार पर निशाना साधा। तेजस्वी सूर्या ने सिद्धारमैया सरकार को दोषी ठहराते हुए कहा कि मुख्यमंत्री सिद्धारमैया कावेरी जल विवाद से निपटने में विफल रहे हैं। तेजस्वी सूर्या ने कहा कि कर्नाटक को तामिलनाडु को पानी देना बंद कर देना चाहिए। इस विवाद को लेकर तेजस्वी सूर्या ने भाजपा नेताओं के साथ विधान सौध के सामने विरोध प्रदर्शन किया।

बेंगलुरु, एएनआई। भाजपा सांसद तेजस्वी सूर्या ने कावेरी जल विवाद को लेकर कर्नाटक सरकार पर निशाना साधा। तेजस्वी सूर्या ने सिद्धारमैया सरकार को दोषी ठहराते हुए कहा कि मुख्यमंत्री सिद्धारमैया कावेरी जल विवाद से निपटने में विफल रहे हैं। तेजस्वी सूर्या ने कहा कि कर्नाटक को तामिलनाडु को पानी देना बंद कर देना चाहिए।
सूर्या ने कर्नाटक सरकार पर लगाया विफलता का आरोप
कर्नाटक और तमिलनाडु के बीच चल रहे कावेरी जल विवाद को लेकर तेजस्वी सूर्या ने भाजपा नेताओं के साथ विधान सौध के सामने विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान, भाजपा सांसद सूर्या ने कर्नाटक से पड़ोसी राज्य तमिलनाडु को पानी देना बंद करने का आह्वान किया।
भाजपा सांसद तेजस्वी सूर्या ने कहा,
कर्नाटक सरकार कावेरी जल विनियमन समिति (सीडब्ल्यूआरसी) समिति को उचित विवरण देने में पूरी तरह से विफल रही है। केंद्र सरकार की तरफ निशाना साधने से काम नहीं चलने वाला है। केंद्र का काम हो चुका है। अब यह अधिकारियों और सुप्रीम कोर्ट के हाथ में है।
पूर्व मुख्यमंत्री येदियुरप्पा ने दिया धरना
इसी दौरान, कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ बेंगलुरु में गांधी प्रतिमा के पास इसी मुद्दे को लेकर धरना दिया। प्रदर्शन के दौरान, भाजपा नेताओं ने कर्नाटक के सीएम सिद्धारमैया और डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार के खिलाफ नारेबाजी की।
तमिलनाडु को पानी देने का आदेश
बता दें कि कावेरी जल प्रबंधन प्राधिकरण (सीडब्ल्यूएमए) ने कर्नाटक को 13 सितंबर से 15 दिनों के लिए तमिलनाडु को प्रत्येक दिन 5,000 क्यूसेक पानी छोड़ने का आदेश दिया है। सीडब्ल्यूएमए के आदेश के बाद पूरे कर्नाटक में किसान विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।
वहीं, सुप्रीम कोर्ट ने कावेरी जल प्रबंधन प्राधिकरण के आदेश में हस्तक्षेप करने से इनकार कर दिया।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।