पीएम की मां को अपशब्द कहे जाने के खिलाफ प्रदेश कांग्रेस दफ्तर में तोड़फोड़ का आरोप, भाजपा नेता राकेश सिंह गिरफ्तार
कोलकाता पुलिस ने भाजपा नेता राकेश सिंह को कांग्रेस कार्यालय में तोड़फोड़ के आरोप में गिरफ्तार किया है। सिंह 29 अगस्त को हुई घटना के बाद से फरार थे जब उनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। पुलिस ने उन्हें टेंगरा इलाके से गिरफ्तार किया। अदालत ने उन्हें 8 सितंबर तक पुलिस रिमांड में भेज दिया है।

राज्य ब्यूरो, जागरण, कोलकाता : बिहार के दरभंगा में कांग्रेस- राजद के मंच से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की दिवंगत मां के बारे में अपशब्द कहे जाने की घटना के खिलाफ कोलकाता में विरोध प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस के प्रदेश मुख्यालय में तोडफ़ोड़ के आरोप में फरार भाजपा नेता राकेश सिंह को कोलकाता पुलिस ने मंगलवार मध्यरात्रि में गिरफ्तार कर लिया।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बुधवार को बताया कि 29 अगस्त को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय विधान भवन में कथित तोड़फोड़ की घटना के बाद से फरार सिंह को कोलकाता के टेंगरा इलाके में एक आवासीय परिसर से रात करीब दो बजे गिरफ्तार किया गया, जहां वह छिपे हुए थे। सिंह पिछले पांच दिनों से फरार चल रहे थे, जब उनके खिलाफ तोडफ़ोड़ के आरोप में मामला दर्ज किया गया था। पुलिस उनकी तलाश में विभिन्न स्थानों पर लगातार छापेमारी कर रही थी।
अधिकारी ने बताया कि सिंह कांग्रेस कार्यालय में तोडफ़ोड़ में शामिल थे। हमले के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी और पार्टी के अन्य वरिष्ठ पदाधिकारियों के कटआउट और झंडे फाड़ दिए गए थे।
कांग्रेस दफ्तर में तोड़फोड़ के आरोप में गिरफ्तारी
कोलकाता पुलिस ने 29 अगस्त की घटना के सिलसिले में अब तक कई लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है, लेकिन सिंह का पता नहीं चल पाया था। अधिकारी ने बताया कि रविवार रात पुलिस ने उनके आवास पर छापा मारा, लेकिन वह वहां नहीं थे। उन्हें भागने में मदद करने के आरोप में इससे पहले उनके बेटे सुवम सिंह को पुलिस ने गिरफ्तार किया था।
पुलिस के अनुसार, छिपने के दौरान राकेश सिंह ने अपने इंटरनेट मीडिया हैंडल से कई वीडियो संदेश जारी कर कोलकाता पुलिस को धमकी दी थी। यहां तक कि बेटे की गिरफ्तारी के बाद सिंह ने एक वीडियो संदेश में कोलकाता पुलिस आयुक्त (सीपी) मनोज वर्मा तक को धमकी दी थी। उस धमकी वीडियो के जारी होने के दो दिन बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
कोर्ट ने आठ सितंबर तक पुलिस रिमांड में भेजा
मेडिकल जांच के बाद सिंह को बुधवार दोपहर में सियालदह कोर्ट में पेश किया गया। अदालत ने उनकी जमानत अर्जी नामंजूर करते हुए सिंह को आठ सितंबर तक पुलिस रिमांड में भेज दिया। पुलिस ने 12 दिनों की उनकी रिमांड मांगी थी, लेकिन अदालत ने छह दिनों की रिमांड मंजूर की। तोडफ़ोड़ मामले में इससे पहले पुलिस ने सिंह के तीन करीबी भाजपा समर्थक को पहले ही गिरफ्तार किया था।
क्या है पूरा मामला?
पिछले हफ्ते दरभंगा में कांग्रेस नेता राहुल गांधी की रैली से पहले मंच से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व उनकी मां के बारे में अपशब्द कहे जाने की घटना के खिलाफ राकेश सिंह के नेतृत्व में कुछ भाजपा कार्यकर्ताओं ने कोलकाता में प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन के दौरान तोडफ़ोड़ की थी। इस घटना के बाद, एंटाली थाने में पुलिस ने राकेश सिंह और अन्य के खिलाफ शस्त्र अधिनियम की धारा 25, 27, राष्ट्रीय सम्मान अपमान निवारण अधिनियम की धारा 2, 109 और बीएनएस की धारा 115 (2), 118(1), 226(2), 3(5), 324(2), 326, 329(4), 351, 79 के तहत मामला दर्ज किया था।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।