काले जादू के चक्कर में चढ़ा दी अपने ही कुत्ते की बलि, घर से आने लगी बदबू तो खुला राज; बेंगलुरु में हैरान करने वाला मामला
बेंगलुरु में एक महिला ने तांत्रिक गतिविधियों के लिए अपने पालतू कुत्ते का गला काट दिया और शव को बांधकर फरार हो गई। पड़ोसियों को बदबू आने पर निगम अधिकारियों को सूचित किया। अपार्टमेंट में कुत्ते का सड़ा हुआ शव मिला। महिला की पहचान त्रिपर्णा पायक के रूप में हुई है।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। बेंगलुरु में एक महिला ने तांत्रिक गतिविधियों के लिए अपने पालतू कुत्ता का गला काट दिया। इसके बाद महिला ने कुत्ते के शव को कपड़े में बांधा और घर छोड़कर फरार हो गई। पड़ोसियों को कुछ दिन बाद अपार्टमेंट से बदबू आने लगी।
अनहोनी की आशंका में उन्होंने नगर निगम के अधिकारियों से संपर्क किया। जब नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची, तो उन्होंने अपार्टमेंट का दरवाजा खोला। वहां का मंजर देखकर हर कोई दंग रह गया। अपार्टमेंट में कुत्ते का शव सड़ी अवस्था में पड़ा था।
लैब्राडोर कुत्ते को मार डाला
महिला की पहचान त्रिपर्णा पायक के रूप में हुई है। उसने अपने अपार्टमेंट में तीन कुत्ते पाले हुए थे। इसमें से एक लैब्राडोर कुत्ता भी था। महिला अपने घर में कथित तौर पर तांत्रिक अनुष्ठान कर रही थी। इसी क्रम में उसने अपने पालतू कुत्तों में से एक को मार डाला।
उसने कपड़े में कुत्ते की लाश लपेट दी और घर के सारे खिड़की-दरवाजों को बंद कर अपार्टमेंट लॉक कर दिया। इसके बाद वह वहां से फरार हो गई। कुछ दिनों बाद जब अपार्टमेंट से दुर्गंध आने लगी, तो पड़ोसियों ने बृहत बेंगलुरु महानगर पालिका को जानकारी दी।
बंगाल की रहने वाली है महिला
- जब अपार्टमेंट का दरवाजा खोला गया, तो सामने ही कुत्ते की सड़ी लाश पड़ी थी। अधिकारियों को अपार्टमेंट में कई ऐसी चीजें मिलीं, जिसके बाद काला जादू का शक गहरा गया। घर में दो कुत्ते जिंदा मिले, जिन्हें दीवार से बांध कर रखा गया था।
- पुलिस ने महिला के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। महिला पश्चिम बंगाल की बताई जा रही है। कुत्ते के पोस्टमार्टम से पता चला है कि उसकी मौत चार दिन पहले हो गई थी। जिंदा बचे कुत्तों का इलाज किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें: 'काले जादू से पैसा होगा डबल...', फर्जी तांत्रिकों के झांसे में आकर 3 की मौत, 1 की हालत गंभीर
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।