तीसरे बच्चे पर 50 हजार रुपए, बेटे के जन्म पर गाय! TDP सांसद का एलान; सीएम ने भी की तारीफ
आंध्र प्रदेश के टीडीपी सांसद ने एलान किया कि वह राज्य में तीसरे बच्चे को जन्म देने वाली महिलाओं को 50000 रुपये देंगे। इस बात की जानकारी उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर दी। उनके इस कदम की सीएम नायडू ने भी प्रशंसा की है। हाल के दिनों में खुद सीएम नायडू ने दक्षिण भारत में घटती जनसंख्या पर चिंता व्यक्त की थी।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। आंध्र प्रदेश के सीएम चंद्रबाबू नायडू ने हाल के दिनों में दक्षिण बारत के लोगों को अधिक बच्चा पैदा करने के लिए प्रोत्साहित किया था। उनके इस प्रोत्साहन की वकालत के बाद विजयनगरम से पार्टी सांसद कालीसेट्टी अप्पाला नायडू ने गजब का एलान किया है।
दरअसल, टीडीपी के लोकसभा सांसद कालीसेट्टी अप्पाला नायडू ने तीसरे बच्चे को जन्म देने वाली महिलाओं को 50,000 रुपये देने की पेशकश की है। इसके साथ ही उन्होंने यह भी घोषणा की कि अगर महिला लड़का पैदा करती है तो उसे एक गाय भी भेंट की जाएगी। उन्होंने ये घोषणा सोशल मीडिया पर पोस्ट किया, जो वायरल हो रहा है।
सांसद ने की बड़ी घोषणा
लोकसभा सदस्य कालीसेट्टी अप्पाला नायडू ने कहा कि वह अपने वेतन से नकद प्रोत्साहन राशि देंगे। लोकसभा सांसद की यह घोषणा इस समय सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। टीडीपी नेताओं के अनुसार, उनकी इस पेशकश को महिलाएं क्रांतिकारी बता रही हैं। इसके साथ ही सीएम चंद्रबाबू नायडू ने भी इस पेशकश की घोषणा करने के लिए सांसद की प्रशंसा की है।
सीएम नायडू ने घटती जनसंख्या पर जताई थी चिंता
गौरतलब है कि मार्च के महीने में दिल्ली की अपनी यात्रा के दौरान सीएम नायडू ने दक्षिण भारत में घटती जनसंख्या पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा था कि वहां की वृद्ध होती आबादी चुनौतियां पेश कर रही है, जबकि उत्तर प्रदेश और बिहार जैसे राज्यों में युवा आबादी अधिक है। इसके साथ ही सीएम नायडू ने जनसंख्या नियंत्रण के बजाय दीर्घकालिक जनसांख्यिकीय प्रबंधन की आवश्यकता पर जोर दिया था।
सीएम नायडू ने इस दौरान कहा था कि मैं पहले परिवार नियोजन की वकालत करता था। अब मैं अपने विचार बदल रहा हूं और जनसंख्या को बढ़ावा दे रहा हूं। भारत एक ऐसा देश है, जिसके पास जनसांख्यिकीय लाभांश में सबसे अधिक लाभ है। अगर हम भविष्य के लिए जनसांख्यिकीय लाभांश का प्रबंधन कर सकते हैं, तो भारत और भारतीय महान होंगे। वैश्विक समुदाय वैश्विक सेवाओं के लिए हम भारतीयों पर निर्भर हैं।
महिलाओं को मिलेगा मातृत्व अवकाश
शनिवार को आंध्र प्रदेश के सीएम चंद्रबाबू नायडू ने कहा कि सभी महिला कर्मचारियों को प्रसव के समय मातृत्व अवकाश दिया जाएगा, चाहे उनके कितने भी बच्चे हों। उन्होंने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर प्रकाशम जिले के मरकापुर में आयोजित एक कार्यक्रम में यह घोषणा की।
सीएम ने एक्स पर किया पोस्ट
उल्लेखनीय है कि सीएम नायडू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि पहले, मातृत्व अवकाश दो बच्चों तक सीमित था। अब, हम सभी बच्चों को कवर करने के लिए मातृत्व अवकाश बढ़ा रहे हैं, चाहे उनकी संख्या कितनी भी हो। इस कदम का उद्देश्य परिवार के विकास को प्रोत्साहित करना, जनसंख्या संतुलन को संबोधित करना और महिलाओं को उनके पेशेवर और व्यक्तिगत जीवन को संतुलित करने में सहायता करना है। हम महिलाओं को सशक्त बनाने और आंध्र प्रदेश के लिए एक मजबूत भविष्य बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।