विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 13, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

'हमारे लिए काला दिन, विमान हादसे पर पारदर्शी होगी बातचीत', टाटा के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन ने कर्मचारियों को लिखी चिट्ठी

Published: Fri, 13 Jun 2025 08:24 PM (IST)

टाटा समूह के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन ने कहा कि कठिन समय में भी समूह अपनी जिम्मेदारियों से पीछे नहीं हटेगा। ...और पढ़ें

एअर इंडिया विमान हादसा टाटा समूह ने पारदर्शिता का वादा किया। (फाइल फोटो)
एअर इंडिया विमान हादसा टाटा समूह ने पारदर्शिता का वादा किया। (फाइल फोटो)

HighLights

  1. कहा, इस समय बहुत सारी अटकलें हैं, कुछ सही हो सकती हैं कुछ गलत-धैर्य रखें।
  2. हम सभी तथ्यों की पुष्टि करने के बाद इसकी जानकारी देंगे।

पीटीआई, मुंबई। टाटा समूह के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन ने शुक्रवार को कहा कि भले ही यह कठिन समय हो, लेकिन समूह अपनी जिम्मेदारियों और सही कार्य करने से पीछे नहीं हटेगा। एअर इंडिया का स्वामित्व रखने वाला समूह विमान दुर्घटना पर अपनी बातचीत में पारदर्शी रहेगा।

इस समय चारों ओर बहुत सारी अटकलें हैं। कुछ सही हो सकती हैं, कुछ गलत भी। मैं धैर्य रखने का आग्रह करना चाहता हूं। यह नियमित उड़ान आपदा में क्यों बदली, इसे समझने में जांचकर्ता हमारी मदद करेंगे। एक बार जब हम तथ्यों की पुष्टि कर लेंगे, तो इसकी जानकारी देने में पारदर्शी होंगे।

टाटा समूह के चेयरमैन ने कर्मचारियों को भेजा भावुक संदेश

कर्मचारियों को भेजे गए एक आंतरिक भावुक संदेश में उन्होंने कहा कि जब टाटा संस ने एअर इंडिया का अधिग्रहण किया था, तो यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना पहली और सबसे बड़ी प्राथमिकता थी। इससे कोई समझौता नहीं किया गया। यह संदेश एअर इंडिया के लंदन जाने वाले विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने के एक दिन बाद आया है।

'टाटा समूह के लिए काला दिन'

उन्होंने कहा कि यह बहुत मुश्किल क्षण है। हम सदमे में हैं। किसी परिचित को खोना त्रासदी है। एक साथ इतनी सारी मौतें होना समझ से परे है। यह टाटा समूह के इतिहास का सबसे काला दिन है। इस समय शब्दों से सांत्वना नहीं मिल सकती, लेकिन मेरी संवेदनाएं मारे गए और घायल लोगों के परिवारों और प्रियजनों के साथ हैं। मैं कहना चाहता हूं कि आपकी तरह हम भी समझना चाहते हैं कि क्या हुआ। उन्होंने कहा कि पिछले 24 घंटों में दुर्घटना की जांच के लिए ब्रिटेन और अमेरिका से जांच दल अहमदाबाद पहुंचे हैं। उन्हें हमारा पूरा सहयोग प्राप्त है।

पीड़ितों के लिए राहत प्रयासों में पूर्ण सहयोग करेंगे : अंबानी

एशिया के सबसे अमीर व्यक्ति मुकेश अंबानी ने शुक्रवार को एअर इंडिया विमान दुर्घटना के पीड़ितों के लिए राहत कार्यों में पूर्ण सहयोग की पेशकश की है। रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड के अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक अंबानी ने कहा कि वह और उनकी पत्नी नीता अहमदाबाद में हुए दुखद विमान हादसे में हुई जानमाल की भारी क्षति से बेहद दुखी और व्यथित हैं।

हम इस दुखद घटना से प्रभावित सभी लोगों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त करते हैं। दुख की इस घड़ी में रिलायंस चल रहे राहत प्रयासों को अपना पूर्ण और अटूट समर्थन देता है और हर संभव तरीके से सहायता करने के लिए तैयार है।

यह भी पढें: पिता ने रिक्शा चलाकर पढ़ाया... सपने पूरे करने लंदन जा रही थी बेटी, पायल की पहली उड़ान ही बनी आखिरी

यह भी पढ़े: Air India के सभी बोइंग विमानों की होगी जांच, अहमदाबाद प्लेन क्रैश के बाद DGCA का एलान