Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    रूस में फंसे Air India के 216 यात्रियों को अस्थायी होटल में किया गया श‍िफ्ट, खाना लेकर मुंबई से फ्लाइट रवाना

    By Jagran NewsEdited By: Piyush Kumar
    Updated: Wed, 07 Jun 2023 10:01 PM (IST)

    रूस में फंसे 216 यात्रियों को परेशानी से निकलने के लिए एयर इंडिया ने कमर कस ली है। विमानन कंपनी ने एक बयान में कहा “मुंबई से मगदान के बीच हमारी एक उड़ान रवाना हो चुकी है और इसके आठ जून को रूस पहुंचने का अनुमान है।

    Hero Image
    रूस में फंसे यात्रियों को सैन फ्रांसिस्को ले जाने एयर इंडिया की फ्लाइट हुई रवाना।(जागरण फोटो)

    मुंबई, ऑनलाइन डेस्क। दिल्ली से अमेरिका के सैन फ्रांसिस्को (Delhi to San Francisco) जा रहे एअर इंडिया (Air India) के विमान की मंगलवार को रूस के मगदान में इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। विमान (Boeing 777-200 LR aircraft) की इंजन में तकनीकी खराबी का पता चलने के बाद विमान को रूस के मगदान हवाई अड्डे पर आपात स्थिति में उतरना पड़ा था। इस विमान में 216 यात्री और चालक दल के 16 सदस्य सवार थे।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    यात्रियों को अब सैन फ्रांसिस्को तक पहुंचाने के लिए एअर इंडिया की फ्लाइट मुंबई से रवाना हो गई है। एअर इंडिया का एक विमान बुधवार अपराह्न तीन बजकर 20 मिनट पर मुंबई से मगदान (रूस) रवाना हुआ। विमानन कंपनी ने कहा कि विमान मगदान में फंसे यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को लेकर आठ जून को सैन फ्रांसिस्को की उड़ान भरेगा।

    आठ जून तक मगदान पहुंचेगी फ्लाइट: एअर इंडिया

    एअर इंडिया ने एक बयान में कहा, मुंबई से मगदान के बीच हमारी एक उड़ान रवाना हो चुकी है और इसके आठ जून को स्थानीय समयानुसार सुबह साढ़े छह बजे रूस पहुंचने का अनुमान है।”

    बयान के मुताबिक, विमानन कंपनी का एक दल भी विमान में सवार है, जो मगदान में मौजूद यात्रियों और कर्मचारियों को जरूरी सहायता प्रदान करेगा। इसमें कहा गया कि विमान से रूस में फंसे यात्रियों और चालक दल के सदस्यों के लिए भोजन व अन्य जरूरी वस्तुएं भी भेजी गई हैं।

    ज्योतिरादित्य सिंधिया भी इस मामले पर रख रहे निगरानी

    सोशल मीडिया साइट ट्विटर पर एक वीडियो फुटेज वायरल हो रहा है, जिसमें एयर इंडिया के फंसे हुए यात्रियों को एक स्कूल के फर्श पर सोने के लिए मजबूर दिखाया हो गए। इस बीच, केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि वैकल्पिक उड़ान को मुंबई से मगदान हवाई अड्डे के लिए दोपहर रवाना किया गया।

    फ्लाइट को वहां पहुंचने में करीब छह घंटे का समय लगेगा। उन्होंने कहा कि फ्लइट पहुंचने के बाद यात्रियों को उनके गंतव्य सैन फ्रांसिस्को के लिए भेजा जाएगा।

    यात्रियों के लिए जरूरी सामान लेकर फ्लाइट रवाना

    एयर इंडिया के प्रवक्ता ने कहा, फेरी फ्लाइट हमारे यात्रियों के लिए भोजन और अन्य जरूरी सामान लेकर जा रही है।"

    एयरलाइन ने बुधवार को जारी एक बयान में कहा कि एयर इंडिया में हम सभी यात्रियों और कर्मचारियों के बारे में चिंतित हैं और जितनी जल्दी हो सके फेरी फ्लाइट संचालित करने के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं।

    अधिकारी ने कहा कि चूंकि हमारे पास मगदान या रूस के दूरस्थ शहर में एयर इंडिया का कोई कर्मचारी नहीं है, यात्रियों को प्रदान की जा रही सभी जमीनी सहायता इस असामान्य परिस्थिति में भारत के महावाणिज्य दूतावास के साथ हमारे चौबीसों घंटे संपर्क के माध्यम से सर्वोत्तम संभव है।

    अमेरिका भी इस मामले पर रख रहा नजर

    इस बीच, अमेरिका ने कहा कि वह पूरी स्थिति पर करीब से नजर रख रहा है।

    अमेरिकी विदेश विभाग के उप प्रवक्ता वेदांत पटेल ने कहा,"हम अमेरिका जा रहे एक विमान के बारे में जानते हैं, जिसे रूस में आपात स्थिति में उतरना पड़ा और उस स्थिति पर बारीकी से नजर रख रहे हैं। मैं यह पुष्टि करने में सक्षम नहीं हूं कि फ्लाइट में कितने अमेरिकी नागरिक सवार थे।"

    पटेल ने एक सवाल के जवाब में कहा, यह एक उड़ान थी जो अमेरिका के लिए रवाना हुई थी के लिए बाध्य थी। इसलिए, यह निश्चित रूप से संभावना है कि इसमें अमेरिकी नागरिक भी हों।"