विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 27, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Mumbai News: खुद को राजस्थान के शाही परिवार का बताकर महिलाओं को ठगने वाला गिरफ्तार

By AgencyEdited By: Sachin Kumar Mishra
Published: Sun, 27 Nov 2022 06:01 PM (IST)

Mumbai News महाराष्ट्र पुलिस ने राजस्थान के एक शाही परिवार से संबंधित होने का नाटक करके महिलाओं को ठगने के ...और पढ़ें

खुद को राजस्थान के शाही परिवार का बताकर महिलाओं को ठगने वाला गिरफ्तार। फाइल फोटो
खुद को राजस्थान के शाही परिवार का बताकर महिलाओं को ठगने वाला गिरफ्तार। फाइल फोटो

मुंबई, एजेंसी। Mumbai News: महाराष्ट्र पुलिस ने राजस्थान के एक शाही परिवार से संबंधित होने का नाटक करके महिलाओं को ठगने के आरोप में एक सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर को गिरफ्तार किया। पुलिस ने बताया कि आरोपित शिकायतकर्ता और उसकी आठ साल की बेटी को जान से मारने की धमकी देकर पैसे वसूल करता था।

जेल से रिहा होते ही किया ब्लैकमेल

प्रेट्र के मुताबिक, गोरेगांव पुलिस के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी दत्तारी थोप ने कहा कि राजवीर सिंह के खिलाफ अप्रैल, 2021 से कथित रूप से 1,33,000 रुपये वसूलने का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपित को गोरेगांव के एक निजी होटल से गिरफ्तार किया। आरोपित के सोशल मीडिया हैंडल से खुलासा हुआ कि कैसे उसने खुद को राजस्थान के एक शाही परिवार से ताल्लुक रखने का नाटक किया और पैसे ऐंठने के लिए लड़कियों से संपर्क किया। इसके खिलाफ जुहू पुलिस स्टेशन में पहले से ही एक मामला दर्ज किया गया है। जिसके बाद वह एक साल तक सलाखों के पीछे रहा। रिहाई के तुरंत बाद उसने फिर से शिकायतकर्ता से संपर्क किया और उसे ब्लैकमेल किया। पुलिस इस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है।

मुंबई में बढ़े धोखाधड़ी के मामले

गौरतलब है कि मुंबई पुलिस को जनवरी से जून तक 7500 से अधिक साइबर धोखाधड़ी के मामले मिले थे, लेकिन उनमें से केवल 401 का ही निपटारा हो सका। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, साइबर धोखाधड़ी का शिकार होने वालों में अधिकतर बुजुर्ग थे, जो तकनीकी रूप से कमजोर थे। देश में कोविड महामारी की चपेट में आने के बाद से शहर में साइबर धोखाधड़ी के मामले बढ़े हैं। दरअसल, ज्यादातर लोग घर से ही काम कर रहे हैं और उनका अधिकतर समय इंटरनेट पर ही बीतता है। अधिकांश लोगों के आनलाइन होने के कारण बदमाश आसानी से उन्‍हें निशाना बना लेते हैं।

यह भी पढ़ेंः ट्राली बैग में मिली 50 करोड़ की हेरोइन, इथियोपिया से आ रहे महिला-पुरुष एयरपोर्ट पर पकड़े गए