यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 17, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
विश्व हिंदू परिषद की चेतावनी के बाद बढ़ाई गई औरंगजेब की कब्र की सुरक्षा, अब बिना पहचान पत्र के नहीं मिलेगा प्रवेश
विहिप की चेतावनी के बाद महाराष्ट्र सरकार ने औरंगजेब की कब्र की सुरक्षा बढ़ा दी है। सपा विधायक अबू आजमी ...और पढ़ें

HighLights
- विहिप ने महाराष्ट्र के कई जिलों में किया प्रदर्शन।
- ज्ञापन में औरंगजेब की कब्र को ढहाने की मांग।
- कब्र के आसपास 100 जवानों को किया तैनात।
पीटीआई, छत्रपति संभाजीनगर। महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर जिले में स्थित औरंगजेब की कब्र की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। अब बिना पहचान पत्र के किसी भी शख्स को औरंगजेब के मकबरे पर प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।
प्रशासन ने औरंगजेब की कब्र को ढहाने की तेज होती मांग के बीच सुरक्षा बढ़ाने का फैसला किया। इस बीच विश्व हिंदू परिषद (विहिप) ने सरकारी दफ्तरों पर विरोध प्रदर्शन किया और खुल्दाबाद में औरंगजेब की कब्र को हटाने का ज्ञापन सौंपा।
रजिस्टर पर लिखना होगा नाम
छत्रपति संभाजीनगर जिले की ग्रामीण पुलिस ने जानकारी दी कि खुल्दाबाद शहर के प्रवेश बिंदु से औरंगजेब की कब्र तक कई सुरक्षा चौकियां को स्थापित किया गया है। एक अधिकारी ने बताया कि राज्य रिजर्व पुलिस बल (SRPF) के 50, स्थानीय पुलिस के 30 जवान और 20 होमगार्ड को कब्र के आसपास तैनात किया गया है।
.jpg)
कब्र पर आने वाले लोगों को होमगार्ड की एक टीम के पास रखे आगंतुक रजिस्टर में अपना नाम लिखना होगा। इसके बाद पहचान पत्र भी दिखाना होगा।
कब्र आने वालों की संख्या घटी
परवेज कबीर अहमद औरंगजेब की कब्र की देखभाल करते हैं। उन्होंने बताया कि यहां स्थिति शांतिपूर्ण है। लोगों को अफवाहों पर ध्यान नहीं देना चाहिए। कब्र को गिराने की मांग उठने के बाद से यहां आने वाले लोगों की संख्या में कमी आई है। रमजान के दौरान भी संख्या में कमी आती है। रोजाना लगभग 100 लोग आ रहे हैं। कब्र का मुद्दा उठने के बाद से यह संख्या और कम हुई है।
औरंगजेब का स्मारक दर्द और गुलामी का प्रतीक
इस बीच महाराष्ट्र में विश्व हिंदू परिषद ने सरकारी कार्यालयों पर विरोध प्रदर्शन किया और औरंगजेब की कब्र को ढहाने की मांग वाला ज्ञापन प्रशासन को सौंपा। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के नाम ज्ञापन में विहिप ने कहा कि औरंगजेब ने गुरु गोविंद सिंह के बेटों को इसलिए मार डाला, क्योंकि उन्होंने धर्म परिवर्तन करने से इनकार कर दिया था।
.jpg)
मराठा योद्धा छत्रपति संभाजी महाराज को प्रताड़ित किया और मार डाला। काशी, मथुरा, सोमनाथ में मंदिरों को ध्वस्त किया। औरंगजेब का कोई भी स्मारक दर्द और गुलामी का प्रतीक है। इस वजह से कब्र को पूरी तरह से ध्वस्त कर दिया जाना चाहिए।
विहिप ने दी खुली चेतावनी
विश्व हिंदू परिषद ने छत्रपति संभाजीनगर, नागपुर और मुंबई में विरोध प्रदर्शन किया और चेतावनी दी कि अगर सरकार इस मामले में निष्क्रिय रही तो छत्रपति संभाजीनगर जिले तक मार्च निकाला जाएगा और कब्र को ध्वस्त कर दिया जाएगा।
