300 किमी रेल लाइन, 238 नई लोकल ट्रेन... महाराष्ट्र में ट्रेन यात्रियों को सरकार की सौगात
केंद्रीय रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव ने महाराष्ट्र में रेलवे ढांचे को मजबूत करने की घोषणा की। मुंबई की उपनगरीय ट्रेनों के लिए 17000 करोड़ की परियोजनाएं चल रही हैं जिसमें 238 नई एसी ट्रेनें शामिल होंगी। मुख्यमंत्री फडणवीस ने स्मार्ट कार्ड योजना की बात कही। गोंदिया-बल्लारशाह सहित कई नई रेल लाइनों के लिए 31306 करोड़ का निवेश होगा। महाराष्ट्र में रेलवे का कुल निवेश 173804 करोड़ तक पहुंचा।

राज्य ब्यूरो, मुंबई। केंद्रीय रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा है कि महाराष्ट्र में रेलवे का बुनियादी ढांचा और मजबूत किया जाएगा। खासतौर से रेलवे के आधुनिकीकरण एवं क्षेत्रीय कनेक्टिविटी बढ़ाने पर जोर दिया जाएगा। रेलमंत्री की इन घोषणाओं के समय मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस भी उनके साथ थे।
रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि मुंबई की उपनगरीय ट्रेन सेवाओं के विस्तार के लिए फिलहाल 17000 करोड़ की परियोजनाएं प्रगति पर हैं। ये परियोजनाएं न सिर्फ मौजूदा लाइनों की भीड़ को कम करेंगी, बल्कि सेवा की आवृत्ति में भी वृद्धि करेंगी। इसके लिए 300 किमी. से अधिक की रेललाइनें बिछाई जा रही हैं।
नई वातानुकूलित (एसी) ट्रेनों को भी शामिल किया जाएगा
रेलमंत्री के अनुसार मुंबई की लाइफ लाइन मानी जानेवाली उपनगरीय सेवाओं में 238 नई वातानुकूलित (एसी) ट्रेनों को भी शामिल किया जाएगा। ये ट्रेनें विशेष रूप से मुंबई के यात्रियों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए डिजाइन की गई हैं। इसी कड़ी में मुंबईवासियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने घोषणा की कि जल्दी ही मुंबईवासी एक ही स्मार्ट कार्ड लेकर लोकल ट्रेन, मेट्रो, मोनोरेल, बेस्ट की बसों आदि में यात्रा कर सकेंगे।
240 किमी. की परियोजना पर लगभग 4,819 करोड़ का खर्च
मुंबई से बाहर शेष महाराष्ट्र में रेलवे के बुनियादी ढांचे में विस्तार की जानकारी देते हुए अश्विनी वैष्णव ने गोंदिया-बल्लारशाह रेलवे लाइन के दोहरीकरण की घोषणा की। 240 किमी. की इस परियोजना पर लगभग 4,819 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। इसके अलावा अजंता-जलगांव-जालना को जोड़ने के लिए नई लाइन, मनमाड़-इंदौर के बीच नई लाइन, मनमाड़-जलगांव के बीच चौथी लाइन तथा भुसावल एवं खंडवा के बीच तीसरी एवं चौथी लाइन के निर्माण की भी घोषणा की गई है। इन सभी परियोजनाओं पर 31,306 करोड़ का खर्च होने की संभावना है।
रेलमंत्री ने कहा कि भारतीय रेलवे ने महाराष्ट्र में 1,73,804 करोड़ का अब तक का सबसे बड़ा निवेश किया है। रेलमंत्री ने उम्मीद जताई कि इन सभी परियोजनाओं के साथ मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन, दिल्ली-मुंबई के बीच बन रहे डेडिकेटेड फ्रेट कॉरीडोर एवं कई स्टेशनों के पुनर्विकास से महाराष्ट्र में परिवहन व्यवस्था पूरी तरह बदल जाएगी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।