Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    सैलरी 13 हजार और 21 करोड़ का घपला! मुंबई में युवक ने सरकारी पैसों से खरीदी BMW, गर्लफ्रेंड को गिफ्ट किया 4BHK फ्लैट

    Updated: Thu, 26 Dec 2024 03:58 PM (IST)

    महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में एक होश उड़ा देने वाला मामला सामने आया है। इस केस को सुनकर आप भी चौंक जाएंगे। बता दें कि डिविजनल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 21 करोड़ 59 लाख रुपये का घोटाला हुआ है। ये घोटाला यहां के एक सरकारी कर्मचारी हर्षल कुमार क्षीरसागर ने किया है। इस पैसे ने हर्षल ने एक BMW भी खरीदी और अपनी गर्लफ्रेंड को फ्लैट भी गिफ्ट किया।

    Hero Image
    सरकारी कर्मचारी हर्षल ने किया 21 करोड़ का घपला (फोटो- X)

    डिजिटल डेस्क, मुंबई। महाराष्ट्र में छत्रपति संभाजीनगर के डिविजनल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 21 करोड़ 59 लाख रुपये का घोटाला हुआ है। इस घोटाले की जानकारी सामने आने के बाद हर कोई हैरान है।

    मिली जानकारी के अनुसार, यहां के एक सरकारी कर्मचारी ने करोड़ों की धांधली करके BMW कार और बाइक खरीदी। यहां तक कि उसने अपनी गर्लफ्रेंड को 4BHK फ्लैट गिफ्ट किया। यह कर्मचारी कॉन्ट्रैक्ट पर काम करता था और उसकी तनख्वाह सिर्फ 13,000 रुपये थी। आरोपी ने अपने साथी के साथ मिलकर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स एडमिनिस्ट्रेशन से इंटरनेट बैंकिंग के जरिए ये हेरफेर की है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    छत्रपति संभाजीनगर में संभागीय खेल परिसर में संविदा कर्मचारी हर्षल कुमार क्षीरसागर अब फरार है। पुलिस ने हर्षल का साथ देने के आरोप में उसकी सहकर्मी यशोदा शेट्टी और उसके पति बीके जीवन को गिरफ्तार किया है।

    ऐसे हुआ मामले का खुलासा

    जांच में पता चला है कि 23 वर्षीय युवक ने पैसे हड़पने के लिए किस तरह की योजना बनाई थी। हर्षल ने स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के पुराने लेटरहेड का इस्तेमाल करके बैंक को ईमेल किया और स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के खाते से जुड़े ईमेल पते को बदलने का अनुरोध किया। उसने स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के खाते से मिलते-जुलते पते पर एक नया ईमेल खाता खोला था - केवल एक अक्षर बदला गया था। यह ईमेल पता अब स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के बैंक खाते से जुड़ा हुआ था जिसके माध्यम से हर्षल लेनदेन के लिए आवश्यक ओटीपी और अन्य जानकारी तक आसानी से पहुँच सकता था।

    13 बैंकखातों में ट्रांसफर किए 21.6 करोड़

    अगले कदम के तौर पर हर्षल ने संभागीय खेल परिसर समिति के बैंक खाते में इंटरनेट बैंकिंग सुविधा सक्रिय कर दी। इस साल 1 जुलाई से 7 दिसंबर के बीच उसने कथित तौर पर 13 बैंक खातों में 21.6 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए।

    गर्लफ्रेंड को दिया 4 BHK फ्लैट और हीरे जड़े चश्मे

    पुलिस ने बताया कि इस पैसे का इस्तेमाल 1.2 करोड़ रुपये की BMW कार, 1.3 करोड़ रुपये की SUV और 32 लाख रुपये की BMW बाइक खरीदने में किया गया। हर्षल ने कथित तौर पर अपनी गर्लफ्रेंड को छत्रपति संभाजीनगर एयरपोर्ट के पास एक आलीशान 4 BHK फ्लैट गिफ्ट किया था। जांच में पता चला कि उसने अपनी गर्लफ्रेंड के लिए हीरे जड़े चश्मे का भी ऑर्डर दिया था।

    गिरफ्तारी के लिए पुलिस चला रही तलाशी अभियान

    पुलिस को संदेह है कि इस बड़े पैमाने पर धोखाधड़ी में और भी लोग शामिल हो सकते हैं और अब वे पैसे निकालने के लिए इस्तेमाल किए गए बैंक खातों से जुड़े दस्तावेज एकत्र कर रहे हैं। हर्षल की गिरफ़्तारी के लिए पुलिस ने तलाशी अभियान चलाते हुए लग्जरी गाड़ियाँ जब्त कर ली हैं।

    पुलिस के अनुसार, मामला तब सामने आया जब खेल विभाग के एक अधिकारी ने वित्तीय अनियमितताओं को देखा और शिकायत दर्ज कराई।

    वरिष्ठ पुलिस अधिकारी प्रशांत कदम ने बताया कि अब तक एफआईआर में तीन लोगों के नाम दर्ज किए गए हैं। दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, एक फरार है। जांच में पता चला है कि उसने बीएमडब्ल्यू कार और बाइक खरीदी, एक आलीशान अपार्टमेंट खरीदा और कुछ सोने के गहने भी मंगवाए। हमारी टीमें मुख्य आरोपी की तलाश कर रही हैं।

    यह भी पढ़ें- Kerala: अपनी जान बचाने के लिए तेज रफ्तार से आ रही ट्रेन के सामने लेट गया व्यक्ति, फिर जो हुआ वो देखकर सब हैरान