Thane Accident: ठाणे में ऑटो ने कई वाहनों को मारी टक्कर, हादसे में 3 लोगों की मौत; 15 घायल
ठाणे में बुधवार सुबह राजमार्ग पर एक ऑटो रिक्शा ने एक बस और कुछ अन्य वाहनों को टक्कर मार दी जिससे तीन लोगों की मौत हो गई और 15 अन्य घायल हो गए। यह दुर्घटना सुबह 4.15 बजे मुंबई-आगरा राजमार्ग पर शाहपुर तालुका के गोथेघर गांव में खडावली पुल के पास हुई। ऑटो-रिक्शा चालक ने पहियों पर से नियंत्रण खो दिया था।

पीटीआई, ठाणे। महाराष्ट्र के ठाणे जिले में बुधवार सुबह राजमार्ग पर एक ऑटो रिक्शा ने एक बस और कुछ अन्य वाहनों को टक्कर मार दी, जिससे तीन लोगों की मौत हो गई और 15 अन्य घायल हो गए।
पुलिस ने बताया कि यह दुर्घटना सुबह 4.15 बजे मुंबई-आगरा राजमार्ग पर शाहपुर तालुका के गोथेघर गांव में खडावली पुल के पास हुई। ऑटो-रिक्शा चालक ने पहियों पर से नियंत्रण खो दिया था।
शाहपुर पुलिस थाने के एक अधिकारी ने पीटीआई-भाषा को बताया कि इसके परिणामस्वरूप वाहन सड़क विभाजक से टकरा गया, लेन से बाहर चला गया और विपरीत दिशा से आ रही एक निजी लक्जरी बस, दो कारों और एक टेम्पो से टकरा गया।
हादसे में 3 की मौत और 15 घायल
उन्होंने बताया कि बस में सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और ऑटो-रिक्शा चालक समेत 15 अन्य लोग घायल हो गए।
अधिकारी ने बताया कि बस नासिक से मुंबई जा रही थी।
सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस और आपातकालीन प्रतिक्रिया दल मौके पर पहुंचे।
अधिकारी ने बताया कि घायलों को शाहपुर उप-अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनमें से तीन की हालत गंभीर बताई गई है। पुलिस ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेज दिया गया है।
टैंपो और ट्रक की टक्कर में 8 लोगों की मौत
महाराष्ट्र के नासिक जिले के द्वारका सर्किल में रविवार को (12 जनवरी) एक टैंपो और ट्रक की टक्कर में आठ लोगों की जान चली गई। इस दुर्घटना में कई लोग घायल भी हुए हैं। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह घटना शाम साढ़े सात बजे अयप्पा मंदिर के निकट हुई। उन्होंने बताया कि टैंपो में 16 यात्री सवार थे। वे एक धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होकर लौट रहे थे।
टैंपो चालक ने खोया नियंत्रण
टैंपो चालक ने अपना नियंत्रण खो दिया और लोहे की छड़ से लदे ट्रक को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई। कुछ घायलों की हालत गंभीर है। उन्होंने बताया कि पुलिस और दमकलकर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत बचाव कार्य शुरू कर दिया।
घायलों का जिला अस्पताल और कुछ निजी अस्पतालों में इलाज में कराया गया। पुलिस और स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है, क्योंकि कुछ यात्री गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।