Ujjain Fire Incident: पीएम मोदी ने जताया दुख, इंदौर और उज्जैन में घायलों से मिले CM, आर्थिक मदद की घोषणा
उज्जैन के महाकाल में एक हादसा सामने आया है। महाकाल मंदिर में भस्म आरती के दौरान आग की चपेट में आने से पांच पुजारी समेत 14 लोग झुलस गए। बताया जा रहा है कि गुलाल उड़ाते समय आग की लपटें तेज हो गई और वहां मौजूद पुजारी इसकी चपेट में आ गए। अमित शाह ने घटना पर दुख जताते हुए सीएम मोहन यादव से बातचीत की।
एएनआई, उज्जैन। उज्जैन के महाकाल में आज (25 मार्च) भस्म आरती के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। सुबह-सुबह भस्म आरती के दौरान आग की चपेट में आने से पांच पुजारी समेत 14 लोग झुलस गए। गुलाल उड़ाते समय आग की लपटें तेज हो गई और वहां मौजूद पुजारी इसकी चपेट में आ गए।
इस घटना पर पीएम मोदी ने दुख जताया। उन्होंने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर लिखा,"उज्जैन के महाकाल मंदिर में हुई दुर्घटना अत्यंत पीड़ादायक है। इस हादसे में घायल सभी श्रद्धालुओं के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। राज्य सरकार की देखरेख में स्थानीय प्रशासन पीड़ितों की हरसंभव मदद में जुटा है।"
इस घटना पर गृह मंत्री अमित शाह ने भी दुख जताया। उन्होंने आग में झुलसे लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। अमित शाह ने बताया कि उन्होंने घटना के आलोक में मुख्यमंत्री मोहन यादव से बात की और सीएम ने जानकारी दी कि घायलों को सभी आवश्यक सहायता प्रदान की जा रही है।
सीएम मोहन यादव और मंत्री कैलाश विजयवर्गीय इंदौर के अस्पताल में घायलों से मिलने पहुंचे।
#WATCH | Ujjain Mahakal Temple fire | Madhya Pradesh CM Mohan Yadav and Minister Kailash Vijayvargiya meet the injured at the hospital in Indore. pic.twitter.com/KagfAVI0ie— ANI (@ANI) March 25, 2024
सीएम मोहन यादव ने प्रशासन से कहा है कि सभी को 1-1 लाख रुपये की मदद की जाए। हम यह सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाएंगे कि ऐसी घटनाएं दोबारा न हो।
मुख्य पुजारी संजय गुरु भी घायल
कुल 14 लोग आग की चपेट में आए हैं। फिलहाल सभी की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। इसके अलावा चार लोगों को इंदौर रेफर किया गया है। घायलों में मुख्य पुजारी संजय गुरु भी शामिल हैं, जो भस्म आरती की अध्यक्षता कर रहे थे।
मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए गए
इस बीच, उज्जैन कलेक्टर नीरज कुमार सिंह ने कहा कि उन्होंने घटना की मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दे दिए हैं और जांच समिति से तीन दिन के भीतर अपनी रिपोर्ट सौंपने को कहा है। एक आधिकारिक बयान के अनुसार, घटना की जांच मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत मृणाल मीना और अपर कलेक्टर उज्जैन अनुकूल जैन द्वारा की जाएगी।
ये लोग हुए घायल
- सत्यनारायण
- चिंतामन
- रमेश
- अंश
- शिवम
- विकास
- महेश
- मनोज
- संजय
- आनंदॉ
- सोनू
- राजकुमार नाम के पुजारी और सेवक आग की चपेट में आने से झुलस गए हैं।
मुख्यमंत्री के बेटे और बेटी भी मंदिर में थे मौजूद
सीएम मोहन यादव के बेटे और बेटी भी महाकाल मंदिर में मौजूद थे। वह दोनों भस्मारती में शामिल होने के लिए गए थे। दोनों सुरक्षित बताए जा रहे हैं। वहीं, कलेक्टर नीरज सिंह ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं। साथ ही उन्होंने एक कमेटी बनाने का भी निर्देश दिया है।
सीएम ने की आर्थिक मदद की घोषणा
इसके साथ ही सीएम ने घायलों के उपचार के लिए एक-एक लाख की सहायता देने की घोषणा की है। सभी घायलों के इलाज का पूरा खर्च मध्य प्रदेश सरकार उठाएगी।
यह भी पढ़ें: Ujjain: महाकाल मंदिर में भस्म आरती के दौरान लगी आग, पुजारी समेत 14 लोग झुलसे; CM मोहन यादव ने दिया जांच का आदेश