विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 27, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

MP News: सागर में दलित की हत्या पर गरमाई सियासत, कमलनाथ बोले- आरोपियों पर कार्रवाई के लिए लड़ेगी कांग्रेस

By Jagran NewsEdited By: Piyush Kumar
Published: Sun, 27 Aug 2023 03:07 PM (IST)

मध्य प्रदेश के सागर जिले में कुछ दिनों पहले एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। इस मामले पर ...और पढ़ें

सागर जिले में युवक की हत्या पर कांग्रेस ने केंद्र और राज्य सरकार पर निशाना साधा है।(फोटो सोर्स: नई दुनिया)
सागर जिले में युवक की हत्या पर कांग्रेस ने केंद्र और राज्य सरकार पर निशाना साधा है।(फोटो सोर्स: नई दुनिया)

HighLights

  1. खरगे ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी दलित अत्याचार व उत्पीड़न पर चूं तक नहीं करते।
  2. बसपा प्रमुख ने इस घटना के जरिए केंद्र और राज्य सरकार पर निशाना साधा है।
  3. खरगे ने कहा कि मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री केवल कैमरे के सामने वंचितों के पैर धोकर अपना गुनाह छिपाने की कोशिश करते हैं।

सागर, जेएनएन। मध्य प्रदेश के सागर जिले में बरोदिया नौनागिर गांव में एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। दरअसल, छेड़छाड़ के मामले में समझौता नहीं करने पर सरपंच और अन्य आरोपियों ने गुरुवार रात को पीड़िता के भाई की लाठियों से पीटकर हत्या कर दी थी। इसके अलावा, युवक की मां को भी पीटकर घायल कर दिया था। इस मामले सियासत गरमा गई है।

शनिवार को राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने पीड़ित युवती से फोन पर बात कर आश्वासन दिया कि हत्या के आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के लिए कांग्रेस पूरी लड़ाई लड़ेगी। इधर, कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने X हैंडल के जरिए शिवराज सिंह चौहान पर निशाना साधा है। इस मामले पर बसपा प्रमुख मायावती ने भी मोदी सरकार पर निशाना साधा है।

खरगे ने शिवराज सरकार पर साधा निशाना

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने रविवार सुबह अपने X (ट्विटर) हैंडल पर लिखा,'मध्य प्रदेश के सागर जिले में एक दलित युवक की पीट-पीट कर हत्या कर दी गई। गुंडों ने उसकी मां को भी नहीं बख्शा। सागर में संत रविदास मंदिर बनवाने का ढोंग रचने वाले प्रधानमंत्री जी मध्य प्रदेश में लगातार होते दलित व आदिवासी उत्पीड़न एवं अन्याय पर चूं तक नहीं करते।

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री केवल कैमरे के सामने वंचितों के पैर धोकर अपना गुनाह छिपाने की कोशिश करते हैं। भाजपा ने मध्यप्रदेश को दलित अत्याचार की प्रयोगशाला बना रखा है।

खरगे ने आगे लिखा, 'भाजपा शासित मध्य प्रदेश में दलितों के खिलाफ अपराधों का रेट सबसे ज्यादा है। राष्ट्रीय औसत से भी तीन गुना है। मोदी जी, इस बार मध्य प्रदेश की जनता भाजपा के झांसे में नहीं आने वाली है, समाज के वंचित व शोषित वर्ग को तड़पाने-तरसाने का जवाब आपको कुछ महीने बाद मिल जाएगा। भाजपा की विदाई निश्चित है।'

सागर की घटना मायावती ने भाजपा को घेरा

उधर इस मुद्दे पर बसपा सुप्रीमो और उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने भी शनिवार को लगातार अपने X हैंडल के जरिए लिखा," जहां अभी हाल ही में पीएम नरेन्द्र मोदी ने संत रविदास का स्मारक बनाने की नींव बड़े तामझाम से रखी, वहीं उसी क्षेत्र में उनके भक्तों के साथ जुल्म-ज्यादती चरम सीमा पर है, जो भाजपा व उनके चरित्र का जीता-जागता प्रमाण है।

उन्होंने आगे लिखा,"इस प्रकार की क्रूर जातिवादी घटनाओं की जितनी भी निन्दा की जाए वह कम है। मध्य प्रदेश सरकार में ऐसी और भी जघन्य घटनाएं लगातार होती रही हैं, किन्तु न तो भाजपा और न ही उनकी सरकार इनकी रोकथाम में गंभीर नजर आती हैं, यह अति-दुःखद, निन्दनीय एवं चिन्तनीय भी है।"

आखिर क्या है पूरा मामला?

बता दें कि बरोदिया नौनागिर गांव में सरपंच विक्रम सिंह ने अपने स्वजन व अन्य आरोपितों के साथ मिलकर 18 वर्षीय नितिन अहिरवार की हत्या कर दी थी। सरपंच व उसके एक साथी ने करीब दो साल पहले एक युवती से छेड़छाड़ की थी।

इस मामले में वे समझौता करने के लिए पीड़ित परिवार पर दबाव बना रहे थे। शनिवार को कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कमल नाथ के निर्देश पर पूर्व मंत्री सुरेंद्र चौधरी की अगुआई में छह सदस्यीय जांच दल गांव पहुंचा था और उन्होंने पीड़िता की कमल नाथ से फोन बात कराई।

इधर, पुलिस ने सरपंच सहित कुल 13 में से सात आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं दूसरी ओर प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों की समझाइश के बाद स्वजन ने शाम को चार बजे मृतक नितिन का अंतिम संस्कार किया।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।