जबलपुर में है भगवान शिव की 76 फीट ऊंची प्रतिमा, अपने परिवार संग यहां विराजते हैं महादेव
कचनार सिटी विजय नगर में बना यह मंदिर परिसर तीन एकड़ में फैला हुआ है। यहां का वातावरण शांत और निर्मल है। यहां आने पर शांति की अनुभूति होती है। मंदिर में साफ-सफाई का भी पूरा ख्याल रखा जाता है।

जबलपुर, जागरण आनलाइन डेस्क। मध्य प्रदेश में भगवान शिव की सबसे ऊंची प्रतिमा जबलपुर के कचनार सिटी विजय नगर में है। यहां भगवान शिव की यह आकर्षक प्रतिमा 76 फीट ऊंची है। यहां लोग दूर-दूर से महादेव का दर्शन करने के लिए आते हैं।
वैसे तो यह प्रतिमा अरुण तिवारी नामक शख्स ने साल 2005 में स्थापित कराई थी, लेकिन वक्त के साथ-साथ इसकी प्रसिद्धि में इजाफा होता गया और भीड़ बढ़ती गई। गौरतलब है कि यह मंदिर परिसर 3 एकड़ जगह में फैला हुआ है।
मंदिर की यह है खासियत
मंदिर में खुले आसमान के नीचे शिव भगवान की यह प्रतिमा श्रद्धालुओं को भाव विभोर कर देती है। भगवान शिव यहां ध्यान मुद्रा में विराजमान हैं। मंदिर की एक और खास बात यह है कि यहां साफ-सफाई का पूरा ध्यान रखा जाता है। यहां प्रवेश मात्र से लोगों को एक अद्भुत शांति का एहसास होता है।
गुफा में बने हैं 12 शिवलिंग
गौरतलब है कि मंदिर में शंकर भगवान की प्रतिमा के अंदर ही एक गुफा बनी हुई है। गुफा के अंदर 12 शिवलिंग की स्थापना की गई है, जो द्वादश ज्योतिर्लिंगों का प्रतिरूप हैं। इस गुफा के अंदर जाने के लिए एक प्रवेश द्वार बना हुआ है और 12 शिवलिंगों का दर्शन कर बाहर निकलने के लिए एक दूसरा द्वार है।
मंदिर में बना बगीचा मोह लेता है मन
मंदिर परिसर में खूबसूरत गार्डन भी है, जो यहां की खूबसूरती मेंचार चांद लगाता है। इसमें शिव भगवान की भव्य प्रतिमा के अतिरिक्त और भी प्रतिमाएं बनाई गई हैं, जो बेहद सुंदर हैं। ये प्रतिमाएं भगवान गणेश, श्री कृष्ण एवं सप्त ऋषियों की है, जो शिव भगवान का भजन करने की मुद्रा में हैं।
गर्भ ग्रह में स्थापित भगवान शिव का परिवार
मंदिर की गुफा के अंदर एक और गुफा बनी हुई है, जो मंदिर का गर्भ ग्रह है। गर्भ ग्रह में भगवान शिव, माता पार्वती, गणेश जी, कार्तिकेय भगवान सहित नंदी स्थापित हैं। यह गर्भ ग्रह पूजन के लिए खुलता है।
भक्त और पर्यटकों की लगी रहती है भीड़
कचनार सिटी शिव मंदिर में भगवान शिव के भक्त तो पहुंचते ही हैं, साथ ही दूरदराज से घूमने के लिए आए पर्यटक भी यहां की खूबसूरती देखने के लिए मंदिर जाते हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।