Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Lok Sabha Elections: क्या 'कमल' के होंगे नाथ? पिता की मौजूदगी में बेटे नकुलनाथ ने कही बड़ी बात

    क्या भाजपा में शामिल होंगे मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ? यह सवाल बार-बार पूछा जा रहा है। हालांकि कमलनाथ के बेटे नकुलनाथ ने तमाम अटकलों में विराम लगा दिया। नकुलनाथ ने कहा कि भाजपा के लोग झूठी अफवाह फैला रहे हैं। जुन्नारदेव विधानसभा के ब्लॉक नवेगांव में एक सभा को संबोधित करते हुए नकुलनाथ ने कहा कि मैं और मेरे पिता भाजपा में नहीं जा रहे हैं।

    By Anurag GuptaEdited By: Anurag GuptaUpdated: Thu, 29 Feb 2024 08:56 PM (IST)
    Hero Image
    पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के बेटे नकुलनाथ (फोटो: @NakulKNath)

    ऑनलाइन डेस्क, छिंदवाड़ा। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कमलनाथ सत्तारूढ़ दल भाजपा में शामिल होंगे? यह सवाल बार-बार पूछा जा रहा है, क्योंकि दो हफ्ते पहले छिंदवाड़ा से नौ बार सांसद रहे कमलनाथ और उनके बेटे नकुलनाथ अचानक दिल्ली पहुंच गए थे। हालांकि, बेटे नकुलनाथ ने गुरुवार को जुन्नारदेव विधानसभा में एक सभा को संबोधित करते हुए तमाम अटकलों को विराम दे दिया।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    नकुलनाथ ने क्या कुछ कहा?

    जुन्नारदेव विधानसभा के ब्लॉक नवेगांव में कमलनाथ और नकुलनाथ ने गुरुवार को एक जनसभा एवं कार्यकर्ता सम्मेलन में शिरकत की। इस दौरान नकुलनाथ ने पिता के भाजपा में जाने की तमाम अटकलों को खारिज करते हुए कहा कि भाजपा के लोग झूठी अफवाह फैला रहे हैं।

    नकुलनाथ ने कहा कि एक माह में लोकसभा के चुनाव होने वाले हैं और भाजपा के लोग अफवाह फैला रहे हैं कि कमलनाथ जी और मैं भाजपा में जा रहे हैं, लेकिन मैं इस सभा में यह स्पष्ट कर देना चाहता हूं कि न ही कमलनाथ जी और न ही नकुलनाथ भाजपा में जा रहा है।

    यह भी पढ़ें: क्या कमलनाथ और दिग्विजय की टूटी जोड़ी? पूर्व मुख्यमंत्री ने संभाला मध्य प्रदेश में राहुल की यात्रा का जिम्मा

    जब कमलनाथ ने तोड़ी थी चुप्पी

    इससे पहले कमलनाथ ने भाजपा में जाने की अटकलों के बीच कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व वाली 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' को लेकर कार्यकर्ताओं को एक खास संदेश दिया था। उन्होंने कहा था,

    मध्य प्रदेश की जनता और कांग्रेस के कार्यकर्ता राहुल गांधी जी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा की अगवानी के लिए उत्साहित हैं। अन्याय, अत्याचार और शोषण के खिलाफ हम सबके नेता राहुल गांधी जी पूरे देश में सड़कों पर उतरकर एक निर्णायक लड़ाई का एलान कर चुके हैं।

    यह भी पढ़ें: BJP में शामिल होने की अटकलों के बीच कमलनाथ का MP की जनता के नाम संदेश, राहुल गांधी के लिए लिखी ये बात

    उन्होंने आगे कहा था कि मैं मध्य प्रदेश की जनता और कांग्रेस के जांबाज कार्यकर्ताओं से आग्रह करता हूं कि भारत जोड़ो न्याय यात्रा में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर राहुल गांधी जी का संबल और साहस बनें। हम और आप मिलकर अन्याय के खिलाफ जारी इस महाअभियान को अंजाम तक पहुंचायेंगे। कमलनाथ के इस पोस्ट के बाद उनके भाजपा में जाने की अटकलों पर भी लगभग विराम लग गया था और माना जा रहा है कि कांग्रेस में सबकुछ ठीक है।