शादी-शादी कर रही थी गर्लफ्रेंड, लिव इन पार्टनर ने कर दिया ऐसा काम; 10 महीने बाद खुला फ्रिज तो हैरान रह गई पुलिस
मध्य प्रदेश के देवास में दिल दहला देने वाला एक मामला सामने आया है। लिव इन पार्टनर ने अपनी गर्लफेंड की हत्या कर उसकी लाश को फ्रिज में बंद कर दिया। महीनों बाद जब फ्रिज से बदबू आने लगी तो मकान मालिक ने पुलिस को बुलाया। पुलिस ने फ्रिज खोलकर देखा तो दंग रह गई। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में कई खुलासे हुए हैं।

नई दुनिया प्रतिनिधि, देवास। मध्य प्रदेश के देवास में श्रद्धा हत्याकांड जैसा मामला सामने आया है। दिल्ली की तरह यहां भी लिव इन रिलेशनशिप का अंत फ्रिज में हुआ है। बायपास स्थित वृंदावन धाम कॉलोनी के एक मकान में फ्रिज से महिला का शव बरामद हुआ है। हालांकि, पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए तुरंत आरोपी को धर दबोचा। जिले में जिसने भी इस हत्याकांड के बारे में सुना वो दंग रहा गया।
5 साल से रिलेशनशिप में थे संजय और पिंकी
आरोपी का नाम संजय पाटीदार है, जबकि मृतका की पहचान पिंकी उर्फ प्रतिभा प्रजापति के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि संजय और पिंकी 5 साल से रिलेशनशिप में थे। दोनों इंदौर निवासी धीरेंद्र श्रीवास्तव के मकान में 2023 से किराए से रह रहे थे।
10 महीने पहले की हत्या
जानकारी के मुताबिक, पिंकी संजय पर शादी का दबाव बना रही थी। इससे तंग आकर संजय ने अपने दोस्त की मदद से पिंकी का गला दबाकर उसकी जान ले ली। बीते साल मार्च में हत्याकांड को अंजाम दिया गया था और फिर उसकी लाश को फ्रिज के अंदर रख दिया।
वारदात के कुछ महीने बाद संजय पाटीदार ने मकान छोड़कर चला गया। हालांकि, उसने मास्टर बेडरूम और स्टडी रूम खाली नहीं किया और ताला मार दिया। मकान मालिक को वो कई बार खाली करने का बहाने मारता रहा। इसी बीच मकान मालिक ने बलवीर सिंह को मकान किराये पर दे दिया। काफी समय तक जब संजय ने कमरे खाली नहीं किए तो मकान मालिक ने कुछ दिन पहले अपने नए किरायेदार को ताला तोड़कर संजय का सामान बाहर रखने के लिए कहा।
फ्रिज में बदबू से खुला राज
बलवीर ने गुरुवार को ताला तोड़कर सामान एक तरफ किया। तभी उसकी नजर फ्रिज पर पड़ी। फ्रिज का स्विच ऑन था। बलवीर ने स्विच बंद कर दिया। फ्रिज बंद होने के बाद लाश डिकंपोज होने लगी। इसी कारण उसमें से बदबू आने लगी। अगले दिन इसकी जानकारी पुलिस को दी गई।
पुलिस ने फ्रिज खोला तो उसमें से पिंकी की लाश निकली। ये मंजर देखकर हर कोई हैरान था। पुलिस ने लाश को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। हत्याकांड में संजय पाटीदार का नाम सामने आया। पुलिस ने तुरंत उसकी तलाश शुरू कर दी। इसी बीच संजय को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में कई खुलासे
पुलिस ने संजय से घंटों पूछताछ की। एसपी पुनीत गेहलोद ने बताया कि आरोपी उज्जैन जिले के इंगोरिया थाना क्षेत्र के ग्राम मोलाना का निवासी है। संजय ने अपने साथी विनोद दवे के साथ मिलकर हत्याकांड को अंजाम दिया था। विनोद राजस्थान के टोंक जिले में किसी अपराध के सिलसिले में जेल में बंद है।
फ्रिज में जम गया था शव
पूछताछ में पता चला कि संजय ने बीते मार्च को ही पिंकी की हत्या कर दी थी। हत्या करने के बाद फ्रिज को सबसे कम तापमान पर सेट कर बंद कर दिया। शव खराब न हो इसलिए उसने फ्रिज का स्विच ऑन ही रखा।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।