शरीफ पर दो अक्टूबर को तय होंगे भ्रष्टाचार के आरोप

एक दिन पहले लंदन से लौटे 67 वर्षीय शरीफ यहां न्यायिक परिसर में स्थित एनएबी कोर्ट में पेश हुए।

By Ravindra Pratap SingEdited By: Publish:Tue, 26 Sep 2017 04:48 PM (IST) Updated:Tue, 26 Sep 2017 04:48 PM (IST)
शरीफ पर दो अक्टूबर को तय होंगे भ्रष्टाचार के आरोप
शरीफ पर दो अक्टूबर को तय होंगे भ्रष्टाचार के आरोप

इस्लामाबाद, प्रेट्र। पाकिस्तान में पनामा पेपर मामले में प्रधानमंत्री की कुर्सी गंवाने वाले नवाज शरीफ भ्रष्टाचार से जुड़े मुकदमों का सामना करने के लिए मंगलवार को पहली बार एनएबी कोर्ट में पेश हुए। कोर्ट इन मामलों में दो अक्टूबर को उन पर आरोप तय करेगा। ये मुकदमे सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर शरीफ और उनके पारिवारिक सदस्यों के खिलाफ दायर किए गए हैं।

नेशनल अकाउंटेबिलिटी ब्यूरो (एनएबी) कोर्ट ने शरीफ के दोनों बेटों हुसैन व हसन, बेटी मरयम और दामाद मुहम्मद सफदर के पेश नहीं होने पर उनके खिलाफ फिर गिरफ्तारी वारंट जारी किया है। एक दिन पहले लंदन से लौटे 67 वर्षीय शरीफ यहां न्यायिक परिसर में स्थित एनएबी कोर्ट में पेश हुए। लंदन में उनकी बीमार पत्नी कुलसुम का इलाज चल रहा है। संक्षिप्त सुनवाई के दौरान शरीफ ने जज मुहम्मद बशीर से कहा कि उनकी पत्नी बीमार हैं और उनकी देखभाल करने की जरूरत है। इसके बाद उन्हें अदालत से जाने की अनुमति दे दी गई। शरीफ महज दस मिनट कोर्ट में रहे।

कोर्ट ने पिछले हफ्ते शरीफ और उनके बेटों, बेटी और दामाद को 26 सिंतबर को पेश होने के लिए समन जारी किया था, लेकिन शरीफ को छोड़ उनके परिवार के अन्य सदस्य पेश नहीं हुए। जज ने इन सभी को दो अक्टूबर को कोर्ट में पेश होने का आदेश दिया है। कोर्ट ने शरीफ को निजी तौर पर पेशी से छूट देने से भी इन्कार कर दिया। कोर्ट ने कहा कि उन्हें आरोप तय किए जाने वाले दिन पेश होना होगा। इसके बाद पेशी से छूट देने पर विचार किया जाएगा।

यह भी पढ़ें:पनामा पेपर्स मामले में नवाज शरीफ अदालत में हुए पेश

chat bot
आपका साथी