संयुक्त राष्ट्र के निगरानी समूह ने कहा, सभी परमाणु संयंत्रों के निरीक्षण की अनुमति दे ईरान

Nuclear facilities of Iran संयुक्त राष्ट्र के परमाणु निरीक्षणकर्ता समूह के प्रमुख ने ईरान से कहा है कि वह अपने परमाणु ठिकानों में निरीक्षणकर्ताओं को जाने की अनुमति दे।

By Krishna Bihari SinghEdited By: Publish:Mon, 09 Mar 2020 10:30 PM (IST) Updated:Mon, 09 Mar 2020 10:30 PM (IST)
संयुक्त राष्ट्र के निगरानी समूह ने कहा, सभी परमाणु संयंत्रों के निरीक्षण की अनुमति दे ईरान
संयुक्त राष्ट्र के निगरानी समूह ने कहा, सभी परमाणु संयंत्रों के निरीक्षण की अनुमति दे ईरान

वियना, एएफपी। संयुक्त राष्ट्र परमाणु निरीक्षणकर्ता समूह के प्रमुख ने ईरान से अनुरोध किया है कि वह 2015 में प्रमुख देशों के साथ हुए परमाणु समझौते की प्रक्रियाओं के लिए तत्काल पूरा सहयोग दे। अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (आइएईए) ने ईरान के दो प्रमुख स्थानों पर स्थित परमाणु ठिकानों में निरीक्षणकर्ताओं को जाने की अनुमति देने के लिए कहा है।

आइएईए के नवागत प्रमुख राफेल ग्रोसी ने कहा है कि बातचीत में ईरान के अधिकारी कुछ खास सवालों के जवाब नहीं दे रहे हैं। ईरान के अधिकारी तीन परमाणु ठिकानों पर बढ़ी गतिविधियों और वहां पर परमाणु सामग्री की आपूर्ति पर सवालों के स्पष्ट जवाब नहीं दे रहे हैं। इन्हीं तीन में से दो ठिकानों पर आइएईए के निरीक्षणकर्ताओं को जाने की अनुमति ईरान नहीं दे रहा है।

इसके चलते एजेंसी ईरान की परमाणु गतिविधियों के बारे में कोई स्पष्ट आश्वासन दुनिया को नहीं दे पा रही है। आइएईए ने पिछले सप्ताह ही कहा था कि ईरान जनवरी से अपने दो परमाणु संयंत्रों में निरीक्षण की इजाजत नहीं दे रहा है। उल्लेखनीय है कि अमेरिका के साथ संबंधों में बढ़े तनाव के बाद ईरान परमाणु हथियार बनाने की गतिविधियां बढ़ाने के स्पष्ट संकेत दे चुका है, हालांकि वह हथियार बना पाने की क्षमता से अभी काफी दूर है।

2015 में अमेरिका, रूस, चीन, ब्रिटेन, जर्मनी और फ्रांस ने ईरान के साथ परमाणु समझौता कर उस पर लगे प्रतिबंध हटा लिए थे। 2018 में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने समझौते से अलग होने की घोषणा कर दी और ईरान पर फिर से प्रतिबंध लगा दिए। इसी के बाद खाड़ी देश में हालात बिगड़े हुए हैं और अपनी क्षमता बढ़ाने के लिए प्रयासरत है। 

chat bot
आपका साथी