Women Empowerment: अमेरिका में पहली बार विधानसभा में महिलाओं को बहुमत, यहां से शुरुआत

नेवाडा अमेरिका का पहला राज्य बन गया है, जहां विधानसभा में महिलाओं को बहुमत मिला है।

By Arti YadavEdited By: Publish:Wed, 19 Dec 2018 11:33 AM (IST) Updated:Wed, 19 Dec 2018 11:36 AM (IST)
Women Empowerment: अमेरिका में पहली बार विधानसभा में महिलाओं को बहुमत, यहां से शुरुआत
Women Empowerment: अमेरिका में पहली बार विधानसभा में महिलाओं को बहुमत, यहां से शुरुआत

लास वेगास (एपी)। दुनियाभर की महिलाएं यह साबित कर रही हैं कि वह पुरुषों से कम नहीं हैं। राजनीति में भी महिलाएं रोज नई-नई उपलब्धियां प्राप्त कर रही हैं। नेवाडा अमेरिका का पहला राज्य बन गया है, जहां विधानसभा में महिलाओं को बहुमत मिला है। हाल ही में लास वेगास में काउंटी अधिकारियों ने राज्य विधानसभा में खाली पदों पर दो महिला विधायकों को नियुक्त किया, जिसके साथ ही यह अमेरिका का पहला विधानसभा बन गया, जहां 50 फीसद से अधिक सीटों पर महिलाओं का कब्जा है। नेवाडा में विधानसभा की 63 सीटों में से 51 फीसद पर महिला विधायक नियुक्त हैं।

रुटर्स विश्वविद्यालय में अमेरिकी महिला और राजनीति केंद्र के अनुसार, इससे पहले किसी भी राज्य की विधानसभा में महिलाओं को बहुमत तो दूर की बात है, यहां तक कि 50 प्रतिशत सीटें तक प्राप्त नहीं थीं। यह राजनीति में महिलाओं के बढ़ते प्रतिनिधित्व को दर्शाती है। नवंबर 2018 के चुनाव के दौरान महिलाओं ने नेवाडा विधानसभा में 50 फीसद सीटों पर जीत दर्ज की, लेकिन यह बहुमत के आंकड़ों से कम थीं। लेकिन नवंबर में दो अन्य सीटे खाली हुईं थी, जिन पर महिला विधायकों की नियुक्ति की गई। इसी के साथ विधानसभा में 51 फीसद सीटों के साथ महिलाओं को बहुमत प्राप्त हुआ।

नेवाडा से पहले लंदन का हैम्पशायर ऐसा राज्य था, जहां विधानसभा में महिलाओं को बहुमत प्राप्त था। साल 2009 और 2010 में हैम्पशायर की विधानसभा में महिलाओं को बहुमत मिला था। 2018 के चुनावों में नेवाडा राज्य विधानसभा और कोलोराडो स्टेट हाउस में महिलाओं ने 50 फीसद सीटों पर जीत दर्ज की। रूटर्स-कैमडेन में राजनीति विज्ञान की सहायक प्रोफेसर केली डिट्टमार ने कहा, कि नेवाडा में बहुमत प्राप्त करने वाली महिला विधायकों को देखना अभूतपूर्व है।

स्पेन की कैबिनेट में महिलाओं को बहुमत
गौरतलब है कि स्पेन की कैबिनेट में महिलाओं को बहुमत प्राप्त है। मंत्रिमंडल की दो-तिहाई सीटों पर महिलाओं का कब्जा है। महिलाओं के प्रभुत्व वाली सरकार के मंत्रिमंडल में 11 महिलाएं और छह पुरूष मंत्री हैं। स्पेन में रक्षा, अर्थव्यवस्था, वित्त और शिक्षा पोर्टफोलियो सहित कुछ बड़े पदों की कमान महिला मंत्रियों के हाथ में है। गौरतलब है कि फ्रांस, स्वीडन और कनाडा को मिलाकर कुछ ही ऐसे देश हैं, जहां लगभग 50 फीसद मंत्री महिलाएं हैं।

भारत में महिलाओं के लिए लांच हुई राष्‍ट्रीय महिला पार्टी
भारत में महिला अधिकार की बातें तो सभी पार्टियां करती है मगर चुनाव के लिए टिकट देने में कही-न-कही पक्षपात पूर्ण रवैया देखा जाता है। अब देश में महिलाओं की परेशानी को देखते हुए महिलाओं ने खद के लिए एक अलग पार्टी ही बना दी है। इसका नाम है राष्‍ट्रीय महिला पार्टी। पार्टी का निर्माण करने वाली है एक 36 वर्षीया डॉक्‍टर। संसद एवं अन्य जगहों पर महिलाओं के लिए 50 फीसद प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने के लक्ष्य के साथ 'राष्ट्रीय महिला पार्टी' लांच की गई है।

chat bot
आपका साथी