Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Uttarakhand Eletion 2022: टिकट मिलने के बाद से ही मोहरे सजाने लगे प्रत्याशी, उत्तराखंड की इन सात सीटों का जानें हाल

    By Raksha PanthriEdited By:
    Updated: Sat, 22 Jan 2022 01:57 PM (IST)

    Uttarakhand Election 2022 भाजपा के 59 प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी गई। टिकट फाइनल होने के बाद दून के प्रत्याशियों ने पूजा-अर्चना कर दिन की शुरुआत क ...और पढ़ें

    Hero Image
    Uttarakhand Eletion 2022: टिकट मिलने के बाद से ही मोहरे सजाने लगे प्रत्याशी।

    जागरण संवाददाता, देहरादून। Utatrakhand Election 2022 उत्तराखंड विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा के 59 प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी गई। टिकट फाइनल होने के बाद दून के प्रत्याशियों ने पूजा-अर्चना कर दिन की शुरुआत की। कोई शहर के मंदिरों में मत्था टेकने पहुंचा तो किसी ने घर पर ही पूजा की। इसके बाद सभी अपने-अपने क्षेत्र में वर्चुअल जन संवाद और कार्यकर्त्ताओं संग बैठक में जुट गए। नामांकन प्रक्रिया के पहले दिन दून की पांचों सीटों के भाजपा प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र नहीं खरीदे।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    रायपुर सीट

    उमेश शर्मा काऊ ने घर पर ही रहकर सुबह चुनाव के लिए भगवान का आशीर्वाद मांगा और बहुमत से जीत प्राप्त होने की कामना की। इसके बाद उन्होंने दिनभर कार्यकर्ताओं और जनता के साथ संवाद किया।

    धर्मपुर सीट

    भाजपा से दोबारा इसी सीट पर टिकट मिलने के बाद मौजूदा विधायक विनोद चमोली की पहली सुबह आम दिन की तरह रही। सुबह घर पर ही पूजा-अर्चना की व कुछ खास कार्यकर्त्ताओं के साथ चर्चा की। फिर दोपहर में विधायक हास्टल परिसर में स्थित अपने कार्यालय पहुंचे। चमोली ने बताया कि वह सोमवार को नामांकन दाखिल करेंगे।

    सहसपुर सीट

    सहसपुर विधानसभा सीट से भाजपा के प्रत्याशी विधायक सहदेव सिंह पुंडीर की शुक्रवार को दिनचर्या व्यस्त रही। प्रत्याशी ने सुबह भदराज मंदिर में मत्था टेका और पंडित जी से नामांकन की तिथि की जानकारी ली। विधायक प्रतिनिधि ने प्रत्याशी के लिए विकासनगर तहसील आकर नामांकन पत्र लिए। भाजपा प्रत्याशी सुद्धोवाला स्थित कैंप कार्यालय में दिनभर कार्यकर्त्ताओं के बीच ही व्यस्त रहे। कार्यकर्त्ता दिनभर उन्हें टिकट मिलने की बधाई देने के लिए आते रहे। विधायक ने नजदीकी कार्यकर्त्ताओं के साथ चुनाव की रणनीति पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि, रणनीति बनाने के बाद प्रचार अभियान को गति दी जाएगी।

    राजपुर रोड

    इस सीट से भाजपा विधायक व वर्तमान में प्रत्याशी खजानदास ने सुबह पहले अपनी कुलदेवी की पूजा की। दोपहर एक बजे से पार्टी कार्यकर्त्ताओं के साथ वर्चुअल बैठक की। करीब दो घंटे तक उन्होंने कार्यकर्त्ताओं को पार्टी की नीति व रीति से अवगत करवाया। अपने कार्यालय में भाजयुमो व भाजपा महिला मोर्चा के साथ चुनाव को लेकर चर्चा की।

    देहरादून कैंट

    भाजपा प्रत्याशी सविता कपूर शुक्रवार सुबह कचहरी परिसर स्थित शहीद स्मारक पहुंची। जहां उन्होंने शहीद आंदोलनकारियों को श्रद्धासुमन अर्पित किए। इसके बाद उन्होंने प्रेमनगर कांवली मंडल और जीएमएस मंडल की बैठक में भाग लिया। वर्चुअल संवाद में भी उन्होंने हिस्सा लिया।

    मसूरी

    लगातार दो बार से इस सीट पर काबिज गणेश जोशी का टिकट फाइनल होने के बाद उन्होंने सुबह घर पर ही पूजा कर जीत की कामना की। हालांकि, तबीयत नासाज होने के कारण वह पूरा दिन घर पर ही रहे। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं संग वचरुअल बैठक भी की।

    विकासनगर सीट

    विकासनगर सीट के भाजपा प्रत्याशी विधायक मुन्ना सिंह चौहान शुक्रवार को दिनभर गांव-गांव में आयोजित बैठकों में व्यस्त रहे। सुबह आठ बजे से शुरू बैठक देर शाम तक चलती रही। करीब 25 जगह बैठक के माध्यम से भाजपा प्रत्याशी ने अपने पक्ष में माहौल बनाने की पुरजोर कोशिश की। भाजपा प्रत्याशी ने पदाधिकारियों और कार्यकर्त्ताओं से चुनावी चर्चा भी की। दिनभर बैठकों में उन्होंने पार्टी की उपलब्धियों और कराए गए विकास कार्यों के बारे में बताया। उन्होंने विकासनगर तहसील में प्रतिनिधि भेजकर नामांकन पत्र भी मंगवाया।

    यह भी पढ़ें- उत्तराखंड भाजपा ने 59 सीटों पर घोषित किए प्रत्याशी, खटीमा से सीएम धामी तो जानिए अन्य सीटों से कौन मैदान में