उत्तराखंड भाजपा ने 59 सीटों पर घोषित किए प्रत्याशी, खटीमा से सीएम धामी तो जानिए अन्य सीटों से कौन मैदान में
Uttarakhand Election 2022 उत्तराखंड भाजपा ने आगामी विधानसभा चुनावों के लिए प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी है। पार्टी ने अधिकांश सीटों पर प्रत्याशियों ...और पढ़ें

राज्य ब्यूरो, देहरादून। भाजपा ने गुरुवार को उत्तराखंड की पांचवीं विधानसभा के चुनाव के लिए 70 में से 59 सीटों पर प्रत्याशी घोषित कर दिए। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और उनके मौजूदा मंत्रिमंडल के नौ सदस्यों को पहली सूची में स्थान मिला है। धामी खटीमा और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मदन कौशिक हरिद्वार में अपनी परंपरागत सीट से चुनाव लड़ेंगे। पार्टी ने नौ विधायकों के टिकट काटे हैं।
इनमें तीन महिला विधायक भी शामिल हैं। दो विधायकों का निधन होने से उनके स्थानापन्न के रूप में दो नए प्रत्याशी लाए गए हैं। हालांकि पार्टी ने आधी आबादी को 10 प्रतिशत से ज्यादा यानी छह टिकट थमाए हैं। युवा मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में लड़े जा रहे चुनाव में 39 सीटों पर पार्टी ने पिछला चुनाव लड़ चुके प्रत्याशियों पर ही दोबारा भरोसा जताया है। मौजूदा विधायकों के टिकट काटने के मामले में पार्टी ने अपेक्षा के विपरीत काफी सधे तरीके से कदम बढ़ाए हैं। अब नजरें शेष 11 सीटों पर टिक गई हैं।
विधानसभा चुनाव के लिए शुक्रवार से नामांकन होने हैं। प्रदेश में 14 फरवरी को मतदान होगा। सत्तारूढ़ दल भाजपा ने नामांकन से एक दिन पहले प्रत्याशियों की पहली सूची घोषित कर प्रमुख विपक्षी दल कांग्रेस से बाजी मार ली। टिकटों में क्षेत्रीय व जातीय संतुलन को साधने की कोशिश की गई है। ब्राहमण समुदाय से 15 व वैश्य समाज से तीन को टिकट मिला है। अनुसूचित जाति की 11 सीटों में 2017 में चुनाव लडऩे वाले सात प्रत्याशी बदले गए हैं। अनुसूचित जनजाति की चकराता सीट में भी इस बार नए चेहरे के रूप में रामशरण नौटियाल को टिकट दिया गया है।
पुरानी सीटों से ही चुनाव लड़ेंगे नौ मंत्री
धामी मंत्रिमंडल के दो सदस्य यशपाल आर्य और हरक सिंह रावत भाजपा को छोड़ चुके हैं। शेष मंत्रियों में सतपाल महाराज चौबट्टाखाल, सुबोध उनियाल नरेंद्रनगर, बंशीधर भगत कालाढूंगी, बिशन सिंह चुफाल डीडीहाट सीट पर दोबारा खम ठोकेंगे। मंत्री अरविंद पांडेय गदरपुर, धन सिंह रावत श्रीनगर, रेखा आर्य सोमेश्वर, गणेश जोशी मसूरी और स्वामी यतीश्वरानंद हरिद्वार ग्रामीण सीट से चुनाव लड़ेंगे। विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ऋषिकेश सीट से ही टिकट दिया गया है।
पूर्व सीएम बीसी खंडूड़ी की पुत्री ऋतु का टिकट कटा
पूर्व मुख्यमंत्री भुवनचंद्र खंडूड़ी पुत्री विधायक ऋतु खंडूड़ी का यमकेश्वर क्षेत्र से टिकट काटा गया है। अन्य दो महिला विधायकों में थराली से मुन्नी देवी और गंगोलीहाट से मीना गंगोला को भी टिकट नहीं दिया गया। क्षेत्रों में कम सक्रियता तीनों महिला विधायकों के टिकट कटने की वजह बताई जा रही है। विधायक हरबंस कपूर के निधन से रिक्त हुई देहरादून कैंट सीट पर उनकी पत्नी सविता कपूर को टिकट मिला है। विधायक गोपाल सिंह रावत के निधन से रिक्त गंगोत्री सीट पर सुरेश चौहान को टिकट दिया गया है।
किया है, करती है और करेगी सिर्फ भाजपा
नई दिल्ली में गुरुवार को भाजपा के प्रदेश चुनाव प्रभारी व केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी, राज्यसभा सदस्य अनिल बलूनी एवं राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने प्रत्याशियों की सूची घोषित की। केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी ने कहा कि उत्तराखंड राज्य का निर्माण पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी ने किया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में युवा उत्तराखंड के अगले दस वर्षों के विकास की दृष्टि भाजपा की है। 'किया है, करती है और करेगी सिर्फ भाजपा' के नारे के साथ उन्होंने चुनाव में पार्टी की भारी बहुमत से जीत का दावा किया।
इन 11 सीटों पर जारी होने हैं टिकट:
डोईवाला, टिहरी, केदारनाथ, कोटद्वार, झबरेड़ा, पिरान कलियर, रानीखेत, जागेश्वर, हल्द्वानी, लालकुआं, रुद्रपुर।
जानिए कहां से किसपर खेला गया दाव
| क्र. संख्या | विधानसभा सीट | प्रत्याशी का नाम |
| 1. | खटीमा | पुष्कर धामी |
| 2. | हरिद्वार | मदन कौशिक |
| 3. | पुरोला | दुर्गेश्वर लाल |
| 4. | यमुनोत्री | केदार सिंह रावत |
| 5. | गंगोत्री | सुरेश चौहान |
| 6. | बदरीनाथ | महेंद्र भट्ट |
| 7. | थराली | भोपाल राम टम्टा |
| 8. | कर्णप्रयाग | अनिल नौटियाल |
| 9. | रुद्रप्रयाग | भरत सिंह चौधरी |
| 10. | घनसाली | शक्ति लाल शाह |
| 11. | देवप्रयाग | विनोद कंडारी |
| 12. | नरेंद्र नगर | सुबोध उनियाल |
| 13. | प्रतापनगर | विजय पंवार |
| 14. | धनोल्टी | प्रीतम सिंह पंवार |
| 15. | चकराता | रामशरण नौटियाल |
| 16 | विकासनगर | मुन्ना सिंह चौहान |
| 17. | सहसपुर | सहदेव पुंडीर |
| 18. | धर्मपुर | विनोद चमोली |
| 19. | रायपुर | उमेश शर्मा काऊ |
| 20. | राजपुर रोड | खजानदास |
| 21. | देहरादून कैंट | सविता कपूर |
| 22. | मसूरी | गणेश जोशी |
| 23. | ऋषिकेश | प्रेमचंद अग्रवाल |
| 24. | भेल रानीपुर | आदेश चौहान |
| 25. | ज्वालापुर | आदेश चौहान |
| 26. | भगवानपुर | मास्ट सत्यपाल |
| 27. | रुड़की | प्रदीप बत्रा |
| 28. | खानपुर | कुंवरानी देव्यानी |
| 29. | मंगलौर | दिनेश पंवार |
| 30. | लक्सर | संजय गुप्ता |
| 31. | हरिद्वार ग्रामीण | स्वामी यतीस्वरानंद |
| 32. | यमकेश्वर | रेणू बिष्ट |
| 33. | पौड़ी | राजकुमार कोली |
| 34. | श्रीनगर | धनसिंह रावत |
| 35 | चौबट्टाखाल | सतपाल महाराज |
| 36. | लैंसडौन | दिलीप सिंह रावत |
| 37. | धारचूला | धन सिंह धामी |
| 38. | डीडीहाट | बिशन सिंह चुफाल |
| 39. | पिथौरागढ़ | चंद्रा पंत |
| 40. | गंगोलीहाट | फकीर राम |
| 41. | कपकोट | सुरेश गढ़िया |
| 42. | बागेश्वर | चंदनराम दास |
| 43. | द्वाराहाट | अनिल शाही |
| 44. | सल्ट | महेश जीना |
| 45. | सोमेश्वर | रेखा आर्य |
| 46. | अल्मोड़ा | कैलाश शर्मा |
| 47. | लोहाघाट | पूरण सिंह फर्त्याल |
| 48. | चंपावत | कैलाश गहतोड़ी |
| 49 | भीमताल | राम सिंह कैड़ा |
| 50. | नैनीताल | सरिता आर्य |
| 51. | कालाढूंगी | बंशीधर भगत |
| 52. | रामनगर | दीवान सिंह बिष्ट |
| 53. | जसपुर | शैलेंद्र मोहन सिंघल |
| 54 | काशीपुर | त्रिलोक सिंह चीमा |
| 55. | बाजपुर | राजेश कुमार |
| 56. | गदरपुर | अरविंद पांडेय |
| 57. | किच्छा | राजेश शुक्ला |
| 58. | सितारगंज | सौरभ बहुगुणा |
| 59. | नानकमत्ता | प्रेम सिंह राणा |
दस विधायकों का कटा टिकट
भाजपा ने विधानसभा चुनावों के लिए दस सीटिंग विधायकों का टिकट काटा है। इनमें यमकेश्वर से रितु खंडूड़ी, द्वाराहाट से महेश नेगी, थराली से मुन्नी देवी, खानपुर सीट से कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन, अल्मोड़ा से रघुनाथ सिंह चौहान, कर्णप्रयाग से विधायक सुरेंद्र सिंह नेगी, पौड़ी से विधायक मुकेश कोली, गंगोलीहाट से मीना गंगोला, काशीपुर से हरभजन सिंह चीमा शामिल हैं।
- Madan Kaushik (@madankaushikbjp) 20 Jan 2022

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।