दिल्ली-यमुनोत्री मार्ग पर क्रेन और लोडर खाई में गिरे, दो की मौत; एक घायल

कालसी क्षेत्र के जुड्डो में दिल्ली-यमुनोत्री मार्ग पर क्रेन लेकर आ रही लोडर व क्रेन के खाई में गिरने से दो लोगों की मौत हो गई वहीं एक गंभीर रूप से घायल हो गया।

By Edited By: Publish:Sun, 21 Jun 2020 05:27 PM (IST) Updated:Sun, 21 Jun 2020 06:21 PM (IST)
दिल्ली-यमुनोत्री मार्ग पर क्रेन और लोडर खाई में गिरे, दो की मौत; एक घायल
दिल्ली-यमुनोत्री मार्ग पर क्रेन और लोडर खाई में गिरे, दो की मौत; एक घायल

कालसी(देहरादून), जेएनएन। देहरादून के कालसी थाना क्षेत्र के जुड्डो में दिल्ली-यमुनोत्री मार्ग पर क्रेन लेकर आ रही लोडर और क्रेन खाई में गिर गए। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। मरने वाला एक शख्स कैंट थाना क्षेत्र(देहरादून) के डाकरा का था। पुलिस ने घायल को उपचार के लिए अस्पताल भेजा, जबकि दोनों लोगों के शवों को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। 

कालसी थाने की पुलिस को रविवार दोपहर डेढ़ बजे के आस-पास सूचना मिली कि जुड्डो के पास यमुनोत्री हाईवे पर एक क्रेन खाई से होते हुए यमुना नदी में गिर गई है। सूचना पर थानाध्यक्ष कालसी गिरीश नेगी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जुड्डो से करीब आधा किमी आगे क्रेन खाई से होकर यमुना नदी किनारे पड़ी मिली। पता चला कि क्रेन नैनबाग टिहरी से एक लोडर में लोड करके लायी जा रही थी, जिसमें तीन व्यक्ति सवार थे। 
वाहन के खाई में गिरते समय एक व्यक्ति छिटक कर खाई में पचास मीटर नीचे गिरा मिला। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू कर गंभीर रूप से घायल वीर सिंह पुत्र राम सिंह निवासी सहस्त्रधारा थाना राजपुर देहरादून को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जबकि दो लोग मौके पर मृत मिले। 
शवों की शिनाख्त रणजीत सिंह पुत्र प्रताप सिंह निवासी डाकरा थाना कैंट देहरादून और चैन सिंह पुत्र भजन सिंह निवासी ग्राम पलेठा पोस्ट बंगासू जिला उत्तराकाशी के रूप में हुई। कालसी थानाध्यक्ष गिरीश नेगी के अनुसार क्रेन अशोक क्रेन सर्विस ट्रांसपोर्टनगर देहरादून की थी। क्रेन संचालक और मृतकों के परिजनों को घटना की जानकारी दी गई है। फिलहाल,  मामले की जांच की जा रही है।
chat bot
आपका साथी