नवविवाहिता ने पति को गोली से उड़ाया

एसपी मौके पर पहुंचे दिए कड़ी कार्रवाई के निर्देश। पुलिस ने आरोपित को किया गिरफ्तार तमंचा बरामद।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 12 Apr 2019 11:45 PM (IST) Updated:Fri, 12 Apr 2019 11:45 PM (IST)
नवविवाहिता ने पति को गोली से उड़ाया
नवविवाहिता ने पति को गोली से उड़ाया

मछरेहटा (सीतापुर): मछरेहटा थाना क्षेत्र में गुरुवार रात नवविवाहिता ने पति की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपित घर से ही गिरफ्तार कर लिया है। वहीं कमरे से तमंचा भी बरामद हुआ है। एसपी एलआर कुमार ने मौके पर पहुंचकर मामले में कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। वारदात की वजह आरोपित का अवैध संबंध होना बताया जा रहा है।

थाना क्षेत्र के गांव हालूपुर निवासी पुष्कर उर्फ रामचंद्र मिश्र (28) व उसकी पत्नी रूबी देवी की शादी जून 2018 में हुई थी। गुरुवार रात दोनों कमरे में सो रहे थे। रात्रि के अंतिम पहर में कमरा फायर की आवाज से गूंज उठा। परिवारीजन व ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो कमरे में पुष्कर का शव पड़ा हुआ था। करीब ही उसकी पत्नी हाथ में अवैध तमंचा लेकर खड़ी थी। आनन फानन में सूचना थाना पुलिस को दी गई। पुलिस ने शव कब्जे में लिया। वहीं आरोपित रूबी देवी को तमंचे समेत गिरफ्तार कर लिया। घटना के संबंध में मृतक के भाई अंबरीश मिश्र ने अपने भाई पुष्कर की पत्नी रूबी देवी के खिलाफ थाने में तहरीर दी है। घटना का कारण रूबी का किसी अन्य मर्द के साथ संबंध होना बताया है। सुबह जानकारी पाते ही एसपी एलआर कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार से बात कर, उन्हें न्याय दिलाने का अश्वासन दिया। जिसके बाद थानाध्यक्ष को इस मामले में कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। घटना के संबंध में थानाध्यक्ष राम नरेश ने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपित विवाहिता को जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है।

chat bot
आपका साथी