आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रभारी संजय बोले-कानपुर कांड कानून व्यवस्था पर बड़ा धब्बा है Pratapgarh News

विकास दुबे कानून के शिकंजे में नहीं आया तो इसके दो ही मायने हैं। उसे मौजूदा सरकार का संरक्षण रहा और योगी सरकार भ्रष्टाचार और अपराध मुक्त सरकार चलाने के दावे पर फेल है।

By Brijesh SrivastavaEdited By: Publish:Tue, 07 Jul 2020 07:57 PM (IST) Updated:Tue, 07 Jul 2020 07:59 PM (IST)
आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रभारी संजय बोले-कानपुर कांड कानून व्यवस्था पर बड़ा धब्बा है Pratapgarh News
आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रभारी संजय बोले-कानपुर कांड कानून व्यवस्था पर बड़ा धब्बा है Pratapgarh News

प्रतापगढ़, जेएनएन। कानपुर पुलिस एनकाउंटर कांड पर योगी सरकार को आम आदमी पार्टी ने घेरा। पार्टी के उत्तर प्रदेश प्रभारी और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने मंगलवार को प्रतापगढ़ में कहा कि अपराधी विकास दुबे भाजपा सरकार में ढाई साल से खुला घूम रहा है। पुलिस कर्मियों की हत्या तक कर दी और सरकार चुप रही।

कानपुर पहुंचे आप प्रदेश प्रभारी ने पत्रकारों से कहा

सांसद संजय कानपुर कांड में बलिदान हुए प्रतापगढ़ के बेलखरी गांव निवासी दारोगा अनूप सिंह के घर जाने से पहले जिला कार्यालय पर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि विकास दुबे कानून के शिकंजे में नहीं आया तो इसके दो ही मायने हैं। पहला यह कि उसे मौजूदा सरकार का संरक्षण रहा और दूसरा यह कि योगी सरकार भ्रष्टाचार और अपराध मुक्त सरकार चलाने के दावे पर पूरी तरह फेल है। ऐसे में इस कांड की जांच हाईकोर्ट के किसी जज से कराई जानी चाहिए। कहा कि इस कांड के जांच अधिकारी जेएन सिंह को अचानक क्यों बदल दिया गया, यह भी सरकार बताए।

बोले-यह बात भाजपाइयों को बहुत अखरती है

चीन मसले पर संजय सिंह ने कहा कि पूरी दुनिया कह रही है कि चीन ने भारत की जमीन पर कब्जा किया है। यह बात आम आदमी पार्टी कहती है तो भाजपाइयों को बहुत अखरती है। आप की मांग है कि देश की रक्षा, सुरक्षा के मसले पर सरकार कोई समझौता न करे। वह चीनी कंपनियों से पीएम राहत कोष में चंदा लेना बंद करे। दोहरी नीति न अपनाए। इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष सभाजीत सिंह, महासचिव दिनेश सिंह पटेल, जिलाध्यक्ष दिनेश उपाध्याय व पार्टी के कार्यकर्ता मौजूद रहे। यहां पहुंचने पर संजय सिंह का स्वागत जय हिंद के नारों के साथ किया गया।

बलिदानी दारोगा के परिवार को दी सांत्वना

आप पार्टी के सांसद संजय सिंह शहीद दारोगा के घर पहुंचे। शहीद के चित्र पर पुष्प अर्पित कर नमन किया। उन्होंने शहीद के पिता रमेश बहादुर सिंह को ढांढस बंधाते हुए कहा कि अपराधी जल्दी पकड़े जाएं, सरकार से उनकी यही मांग है। वह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग करेंगे। यही शहीद परिवार की भी इच्छा है और उनकी भी। यह भी आश्वस्त किया कि बलिदानी दारोगा के परिवार के साथ हर समय आप पार्टी खड़ी मिलेगी। उन्‍होंने कहा कि शहीद अनूप सिंह का बलिदान खाली नहीं जाएगा। अपराधियों को उनकी किए की सजा अवश्य मिलनी चाहिए। जब तक उन्हें सजा नहीं मिल जाती, आप पार्टी शांत नहीं बैठेगी। इस मौके पर आप पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सभाजीत सिंह, प्रदेश महासचिव दिनेश सिंह पटेल एवं जिलाध्यक्ष दिनेश उपाध्याय आदि मौजूद थे।

chat bot
आपका साथी