फिटनेस के नाम पर जिम में दी जा रही प्रतिबंधित दवाएं, बीमारियों को दे रहे दावत

फिटनेस की पटरी पर बीमारियां सफर कर रही हैं। युवा शरीर को सुडौल और मजबूत बनाने के लालच में बीमारियां पाल रहे हैं। आधुनिक व्यायाम शालाओं में युवाओं को प्रतिबंधित दवाएं लेने के लिए बाध्य किया जा रहा है।

By Prem BhattEdited By: Publish:Wed, 21 Oct 2020 12:34 AM (IST) Updated:Wed, 21 Oct 2020 12:34 AM (IST)
फिटनेस के नाम पर जिम में दी जा रही प्रतिबंधित दवाएं, बीमारियों को दे रहे दावत
मुजफ्फरनगर में पकड़े गये जिम संचालकों से बरामद इंजेक्शन।

मुजफ्फरनगर, जेएनएन। फिटनेस की पटरी पर बीमारियां सफर कर रही हैं। युवा शरीर को सुडौल और मजबूत बनाने के लालच में बीमारियां पाल रहे हैं। आधुनिक व्यायाम शालाओं में युवाओं को प्रतिबंधित दवाएं लेने के लिए बाध्य किया जा रहा है। क्राइम ब्रांच और पुलिस की शुरुआती तफ्तीश में यही सामने आया है। सप्लीमेंट और प्रतिबंधित एस्ट्रायड के प्रयोग से मांस पेशियां दिखती तो आकर्षक हैं लेकिन शरीर का भीतरी हिस्सा इससे प्रभावित होता है। सप्लीमेंट छोडऩे के कुछ वर्ष बाद इसका असर दिखाई देता है।

प्राकृतिक खान-पान से मिलती है फिटनेस

फिल्मी चकाचौंध और कलाकारों के मसल्स देखकर युवाओं में भी उनकी तरह फिट व सुंदर दिखने की चाहत जागती है। इसके लिए वे बिना सोचे अन्य सप्लीमेंट लेने लगते हैं। ये शरीर के लिए घातक हैं। व्यायाम, योग और संतुलित भोजन से शरीर सुंदर और मजबूत किया जा सकता है। कोरोना काल में तो संपूर्ण विश्व प्राकृतिक जड़ी-बूटियों पर निर्भरता जता रहा है। अभिभावकों को भी सचेत रहने की जरूरत है।

-डा. अमित मलिक, एसोसिएट प्रोफेसर, विभागाध्यक्ष समाजशास्त्र, डीएवी कालेज

सप्लीमेंट शरीर के लिए नुकसानदायक

व्यायाम करने वाले युवा अनेक सप्लीमेंट, एस्ट्रायड का प्रयोग कर रहे हैं। इनमें विषाक्त सामग्री के अलावा कई तरह की धातु भी होती हैं। एस्ट्रायड से कुछ समय तक स्टेमिना बढ़ता है, लेकिन बाद में पेट में गैस, कब्ज की शिकायत के साथ हार्मोन्स बिगडऩे का भी खतरा रहता है। कई बार ओवरडोज से लिवर, फेफड़े प्रभावित होते है। व्यायाम करें। भोजन में दूध, दलिया, अंकुरित अनाज, प्रोटीनयुक्त फल-सब्जियों का अधिक प्रयोग करके बेहतर फिटनेस पाई जा सकती है।

-डा. योगेंद्र त्रिखा, वरिष्ठ फिजिशियन, जिला चिकित्सालय।

जिम संचालकों को समय-समय पर प्रतिबंधित ड्रग्स के प्रति सचेत किया जाता है। औषधि प्रशासन और पुलिस की छापामारी में जिम संचालक पकड़े गए हैं। प्रतिबंधित ड्रग्स के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।

- अभिषेक सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट 

chat bot
आपका साथी