Raksha Bandhan 2022: बसों के लिए घंटों का इंतजार और आते ही हो रही फुल, रक्षाबंधन पर बहनों की दुश्‍वारियां

रक्षाबंधन के मौक पर गुरुवार को मेरठ सहित वेस्‍ट यूपी के बस स्‍टैंड दिखी महिलाओं की भारी भीड़। बता दें कि महिलाओं के लिए आधी रात को शुरु हुई निश्शुल्क यात्रा की सुविधा। मेरठ में भैसाली और सोहराब गेट की बसों में एक लाख से अधिक यात्री करेंगे सफर।

By Prem Dutt BhattEdited By: Publish:Thu, 11 Aug 2022 01:30 PM (IST) Updated:Thu, 11 Aug 2022 01:30 PM (IST)
Raksha Bandhan 2022: बसों के लिए घंटों का इंतजार और आते ही हो रही फुल, रक्षाबंधन पर बहनों की दुश्‍वारियां
Raksha Bandhan 2022 रक्षाबंधन पर बसों में यात्रा करने के लिए महिलाओं ने काफी संघर्ष किया।

मेरठ, जेएनएन। Raksha Bandhan 2022 आज रक्षाबंधन के पर्व बसों में यात्रा करने के लिए खूब मारामारी रही। बड़ी संख्‍या में महिलाओं बसों में सफर करती नजर आईं। बसों में चढ़ने के लिए महिलाएं जद्दोजहद करती नजर आईं। मेरठ सहित वेस्‍ट यूपी के जिलों में रोडवेज बस स्‍टैंड पर भारी भीड़ रही। रोडवेज की बसों में रक्षा बंधन को लेकर बुधवार की रात से महिलाओं के लिए निश्शुल्क यात्रा की सेवा आरंभ हो गई थी।

बसें आते ही होती रही फुल, यात्री रहे परेशान

शामली : रक्षा बंधन त्योहार मनाने के लिए बहनें अपने भाइयों के घर जाने के लिए निकलीं, लेकिन बस अड्डे पर उनका सामना परेशानियों से हुआ। बच्चों के साथ ही बैग लेकर महिलाएं बस में सवार होने के लिए जद्दोजहद करती नजर आईं। बस अड्डे पर जैसे ही कोई बस आती, तो चंद सैकेंड में ही फुल हो जाती थी। इस कारण अनेक यात्रियों को फिर इंतजार करना पड़ा।

शामली में अजंता चौक के पास उत्तर प्रदेश परिवहन निगम के बस अड्डे पर सुबह से ही ऐसे हालात रहे। रक्षा बंधन त्योहार मनाने के लिए लोग बसों से सफर करने की बात सोचकर घर से निकले थे, लेकिन बसों की कमी के कारण समस्या बनी रही।

23 अनुबंधित बसों का संचालन

बस अड्डे के अलावा शहर के गुरुद्वारा तिराहा, बुढ़ाना रोड रेलवे फाटक, विजय चौक और दिल्ली रोड पर यात्री बसों का इंतजार करते रहे। बस अड्डे से गंतव्य की ओर जाने वाली बस आती थी, लेकिन उसमें जगह नहीं मिल पा रही थी। इस कारण लोगों को डग्गामार वाहनों का भी सहारा लेना पड़ा। उत्तर प्रदेश परिवहन निगम के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक अनिल कुमार शुक्ला का कहना है कि शामली डिपो से 23 अनुबंधित बसों का संचालन किया जा रहा है।

मुफ्त यात्रा का तोहफा

पहली बार 48 घंटे के लिए प्रदेश सरकार ने महिलाओं को मुफ्त यात्रा का तोहफा दिया है। रक्षा बंधन के लिए हाल ही में सप्लाई हुई नई इलेक्ट्रानिक टिकटिंग मशीन से शून्य धनराशि का टिकट जारी करने की व्यवस्था की गई है। जिस पर जिस स्थान से महिलाएं बैठी हैं और जहां जाना है वह अंकित था। निश्शुल्क यात्रा 12 की रात 12 बजे तक जारी रहेगी।

हर रूट पर बसों की व्‍यवस्‍था

इसके पहले दिन में भैसाली और सोहराब गेट बस अड्डे पर यात्रियों की भारी भीड़ जुटी। बिजनौर के लिए 50 और शामली के लिए 35 बसें भेजी गईं। इन रूटों पर मारामारी मची रही। रक्षा बंधन पर बहनों और भाइयों को गंतव्य तक पहुंचाने के लिए रोडवेज ने अलग अलग रूटों पर अतिरिक्त बसों का इंतजाम किया है।

आरएम ने यह बताया

आरएम केके शर्मा ने बताया कि 648 बसें आन रोड रहेंगी। रक्षा बंधन के दौरान प्रतिदिन 1.80 से दो लाख यात्री परिक्षेत्र की बसों में सफर करने का आकलन है। जिसमें मेरठ जनपद से चलने वाली बसों में यात्रियों की संख्या 90 हजार से एक लाख रहेगी।

chat bot
आपका साथी