Election News: यूपी में दांव पर दिग्गजों की प्रतिष्ठा… अखिलेश के परिवार के तीन सदस्यों समेत इन नेताओं की किस्मत का फैसला आज
मुलायम सिंह परिवार के तीन सदस्यों की किस्मत का फैसला भी यह चरण करेगा। मैनपुरी में सपा प्रमुख अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव के खिलाफ योगी सरकार के पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह चुनाव मैदान में हैं। शिवपाल सिंह यादव के बेटे आदित्य यादव बदायूं से और प्रोफेसर रामगोपाल यादव के बेटे अक्षय यादव फिरोजाबाद से सपा के उम्मीदवार हैं।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। तीसरे चरण के चुनाव में कई दिग्गजों की प्रतिष्ठा दांव पर है। मुलायम सिंह परिवार के तीन सदस्यों की किस्मत का फैसला भी यह चरण करेगा। मैनपुरी में सपा प्रमुख अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव के खिलाफ योगी सरकार के पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह चुनाव मैदान में हैं।
शिवपाल सिंह यादव के बेटे आदित्य यादव बदायूं से और प्रोफेसर रामगोपाल यादव के बेटे अक्षय यादव फिरोजाबाद से सपा के उम्मीदवार हैं। केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल (आगरा), प्रदेश सरकार में मंत्री अनूप वाल्मिकी (हाथरस) की प्रतिष्ठा भी इस चरण में दांव पर है।
पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के बेटे राजवीर सिंह एटा से और छत्रपाल सिंह गंगवार से बरेली से चुनाव मैदान में हैं। फतेहपुर सीकरी में भाजपा के राजकुमार चाहर के खिलाफ कांग्रेस के रामनाथ सिकरवार भी मजबूती से डटे हैं।
मतदाताओं के लिए छाया की व्यवस्था
तीसरे चरण के चुनाव में पोलिंग बूथ पर मतदाताओं एवं मतदान कार्मिकों को गर्मी व लू से बचाने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि मतदान केंद्रों पर जहां तक मतदाताओं की कतार होगी, वहां तक छाया और विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की गई है। मतदाताओं के लिए अलग से टेंट लगाया गया है।
पैरामेडिकल कर्मियों की तैनाती
इसके अलावा मतदान केंद्रों पर मेडिकल किट (ओआरएस पैकेट सहित) के साथ ही पैरामेडिकल कर्मियों की तैनाती की गई है। मतदान केंद्रों पर शीतल पेयजल और शौचालय की व्यवस्था के साथ ही वृद्ध एवं दिव्यांगजनों के लिए व्हील चेयर की व्यवस्था भी की गई है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि आपका एक-एक वोट लोकतंत्र को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण योगदान रखता है। इसलिए प्रत्येक मतदाता इस उत्सव में अपने मत का प्रयोग कर गर्व की अनुभूति करें।