मुनीम को बंधक बनाकर 10 लाख के स्क्रैप की डकैती

रात में आधा दर्जन नकाबपोश बदमाशों ने घटना को दिया अंजाम घटनाक्रम सीसीटीवी में हुआ कैद

By JagranEdited By: Publish:Sun, 24 Feb 2019 12:28 AM (IST) Updated:Sun, 24 Feb 2019 12:28 AM (IST)
मुनीम को बंधक बनाकर 10 लाख के स्क्रैप की डकैती
मुनीम को बंधक बनाकर 10 लाख के स्क्रैप की डकैती

कोसीकलां, संसू। हाईवे पर ईदगाह इलाके में एक आयरन स्क्रैप के गोदाम में शुक्रवार रात में आधा दर्जन नकाबपोश बदमाश घुस आए। मुनीम को बंधक बनाकर करीब 10 लाख रुपये का स्क्रैप ले गए। घटना के वक्त बदमाशों एवं उनके वाहनों की चहलकदमी सीसीटीवी में कैद हुई है। पीड़ित ने डकैती के मामले को लेकर थाने में तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

ईदगाह इलाके में हाईवे पर श्रीगणेश आयरन एंड स्टील का गोदाम है। गोदाम संचालक मुरारी लाल अग्रवाल ने बताया कि शुक्रवार को लोहा काटने वाले टूल का महंगा स्क्रैप आया था। शाम को गोदाम पर मुनीम दीनदयाल एवं चौकीदार बुद्धी थे। रात में करीब एक बजे के बाद ईदगाह की ओर से सीढ़ी लगाकर नकाबपोश बदमाश गोदाम में घुस आए। कमरे में सो रहे नंदगांव निवासी मुनीम दीनदयाल को दबोच लिया। उसके हाथ-पैर बांध दिए। इसके बाद बदमाश वहां पड़े करीब 10 कुंतल स्क्रैप को गोदाम के पीछे खड़ी गाड़ियों में भरकर ले गए। स्क्रैप की कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई जा रही है। घटना की जानकारी उस समय हुई जब चौकीदार सुबह गाय का दूध निकालने के लिए अंदर गेट खोलकर पहुंचा। उसने मुनीम को बंधन मुक्त कर घटना की जानकारी गोदाम संचालक मुरारी लाल अग्रवाल को दी। पीड़ित ने मामले को लेकर थाने में तहरीर दी है। अभी तक मुकदमा दर्ज नहीं हुआ है। मुरारी लाल अग्रवाल ने बताया कि बदमाशों एवं उनके वाहनों का आवागमन सीसीटीवी कैमरों में भी कैद हुआ है। थाना प्रभारी रामपाल ¨सह भाटी ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। उचित कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

chat bot
आपका साथी