आगरा से चल रही मथुरा नगर पालिका

By Edited By: Publish:Sun, 18 Aug 2013 06:09 PM (IST) Updated:Sun, 18 Aug 2013 06:10 PM (IST)
आगरा से चल रही मथुरा नगर पालिका

जागरण संवाददाता, मथुरा: मथुरा नगर पालिका परिषद में भले ही चेयरमैन स्थानीय हैं, पर पालिका का प्रशासन आगरा से चलाया जा रहा है। आधा दर्जन अधिकारी आगरा से अप-डाउन कर रहे हैं।

जनता के सरोकारों में नगर पालिका परिषद सीधे जुड़ी होती है। पेयजल, सफाई, प्रकाश, निर्माण, अतिक्रमण, राजस्व और टैक्स संबंधी मामलों पर तो अधिकारियों को सीधे तौर पर जनता के बीच ही रहना होता है। पालिका परिषद की रीढ़ समझे जाने वाले इन अनुभागों में से कई में बैठे कई अधिकारियों ने नगर में स्थायी रूप से रुकना शुरू नहीं किया है। पालिका की कमान संभालने वाले अधिशासी अधिकारी केपी सिंह ही आगरा से अप-डाउन कर रहे हैं। यहां जलकल परिसर में आवास को स्थायी नहीं बना पाये हैं। इसी प्रकार कर अधीक्षक सीमा सागर, कर निर्धारण अधिकारी महेंद्र कुमार समेत दो अवर अभियंता वीके गोयल और सुरेंद्र मोहन भी आगरा से ही अप-डाउन कर रहे हैं। एक अन्य जेई पवन कुमार तो गाजियाबाद से अप-डाउन करते हैं। सूत्रों की मानें तो अधिशासी अधिकारी समेत दो अवर अभियंता तो नाक का बाल बने हुये हैं।

बताया गया है कि इस वजह से नियमित रूप में कर एवं राजस्व की फाइलों का निस्तारण नहीं हो रहा तो निर्माण एवं योजनाओं के प्रस्तावों में भी विलंब हो रहा है। वरिष्ठ नगर स्वास्थ्य अधिकारी भी सफाई कार्य में कभी निरीक्षण करते नहीं देखे गए हैं। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व के लिए पालिका अध्यक्ष ने उनकी ड्यूटी तो लगायी है, पर वह उस बैठक में भी मौजूद नहीं थे। मुख्य स्वच्छता निरीक्षक की स्थिति भी इससे जुदा नहीं है।

पालिका अध्यक्ष मनीषा गुप्ता ने कहा है कि अधिकारियों को तैनाती स्थल पर ही निवास करने के आदेश हैं। यदि ऐसा है तो उनसे जवाब-तलब किया जाएगा।

मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर

chat bot
आपका साथी