मतदान कार्मिकों को पढ़ाया पंचसूत्र पालन का पाठ

पंचायत चुनाव ड्यूटी पर लगे कार्मिकों को मतपेटी और अन्य जानकारियां दी गई। सीडीओ ने कहा कि निष्पक्षता और पारदर्शिता समेत पांच बिदुओं पर कार्मिक फोकस करें।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 10 Apr 2021 05:21 AM (IST) Updated:Sat, 10 Apr 2021 05:21 AM (IST)
मतदान कार्मिकों को पढ़ाया पंचसूत्र पालन का पाठ
मतदान कार्मिकों को पढ़ाया पंचसूत्र पालन का पाठ

जासं, मैनपुरी : पंचायत चुनाव की ड्यूटी पर लगाए पीठासीन अधिकारी और अन्य कार्मिकों को प्रशिक्षण के पहले दिन पंचसूत्र पालन का पाठ पढ़ाया गया। निष्पक्षता, कर्तव्यनिष्ठा, पारदर्शिता शुचिता और समयबद्धता की बातें समझाई गईं। मतपेटी सील करने के भी गुर सिखाए गए।

मतदान कार्मिकों का प्रशिक्षण शुक्रवार से शहर के सुदिति ग्लोबल एकेडमी में शुरू हुआ। कार्मिकों को 40 की संख्या के हिसाब से एक कक्ष में बैठाकर प्रोजेक्टर के जरिए प्रशिक्षण दिया गया। सुबह की पाली में दो हजार और दोपहर की पाली में भी इतने ही कार्मिकों को प्रशिक्षण देने का काम हुआ।

मास्टर ट्रेनर ने कार्मिकों को मतदान सामग्री, मतपत्रों की व्यवस्था, मत पत्रों की जांच, मतदान स्थल की व्यवस्थाएं, मतदान अधिकारियों के मध्य कार्य विभाजन और मतदान स्थल में प्रवेश पर नियंत्रण, आसपास की व्यवस्था के अलावा मतपेटी तैयार करने और सील करने के भी गुर बताए। मतदाता पहचान के संबंध में आपत्ति, टेंडर बैलट पेपर की भी जानकारी दी गई। मतपत्रों के बताए रंग

प्रशिक्षण के दौरान कार्मिकों को मतपत्रों की रंग भी बताए गए। मास्टर ट्रेनरों ने बताया कि सफेद रंग का नामांकन ग्राम पंचायत सदस्य पद के लिए, हरा प्रधान पद के लिए, नीला क्षेत्र पंचायत सदस्य के लिए और गुलाबी नामांकन पत्र जिला पंचायत सदस्य के लिए होगा। कार्मिकों को बताया कि चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों के नाम मतपत्रों पर नहीं होंगे, केवल उनको आवंटित चुनाव चिन्ह ही नाम के साथ छपा रहेगा। सभी पदों के मतपत्र एक ही पेटी में डाले जाएंगे। प्रत्येक मतपत्र पर उसका नंबर अंकित रहेगा। मतपत्र जारी करते समय मतदाता के हस्ताक्षर या अंगूठे का निशान लिया जाएगा। बाएं हाथ की तर्जनी उंगली पर अमिट स्याही लगेगी। सीडीओ ने पढ़ाया शुचिता का पाठ

सुदिति ग्लोबल एकेडमी में चलने वाले प्रशिक्षण के पहले दिन उप जिला निर्वाचन अधिकारी सीडीओ ईशा प्रिया ने कार्मिकों को शुचिता का पाठ पढ़ाया। कहा कि एक गलती से चुनाव खराब हो सकता है, इसलिए इससे बचें। प्रशिक्षण प्रभारी-डीपीआरओ स्वामीदीन ने भी जरूरी जानकारी बताईं। थर्मल स्क्रीनिग के बाद प्रवेश

प्रशिक्षण में आए कार्मिकों को थर्मल स्क्रीनिग के बाद अंदर प्रवेश दिया गया। हाथों का सैनिटइज भी कराया गया। यहां स्वास्थ्य विभाग ने दवा वितरण काउंटर भी लगाया। बच्चों के साथ आए कार्मिक

प्रशिक्षण के दौरान कई महिला कार्मिक बच्चों के साथ आईं। वहीं, कई महिला कार्मिक स्वजन के साथ आई।

chat bot
आपका साथी