UP Nikay Chunav: भाजपा की व्यूहरचना को आक्रामक बनाएंगे मोर्चे, छह से 14 अप्रैल तक आयोजित करेंगे कार्यक्रम

UP Nikay Chunav डबल इंजन की सरकार वाली भाजपा नगरीय निकाय चुनाव को जीत कर अब ट्रिपल इंजन की सरकार बताने के लिए पूरी ताकत झोंकेगी। निकाय चुनाव में अपनी व्यूहरचना को आक्रामक बनाने के लिए भाजपा ने अपने मोर्चों को भी मैदान में उतार दिया है।

By Nirmal PareekEdited By: Publish:Fri, 31 Mar 2023 05:54 PM (IST) Updated:Fri, 31 Mar 2023 05:54 PM (IST)
UP Nikay Chunav: भाजपा की व्यूहरचना को आक्रामक बनाएंगे मोर्चे, छह से 14 अप्रैल तक आयोजित करेंगे कार्यक्रम
निकाय चुनाव में भाजपा की व्यूहरचना को आक्रामक बनाएंगे मोर्चे

राज्य ब्यूरो, लखनऊ : डबल इंजन की सरकार वाली भाजपा नगरीय निकाय चुनाव को जीत कर अब ट्रिपल इंजन की सरकार बताने के लिए पूरी ताकत झोंकेगी। निकाय चुनाव में अपनी व्यूहरचना को आक्रामक बनाने के लिए भाजपा ने अपने मोर्चों को भी मैदान में उतार दिया है। भाजपा के सातों मोर्चे विभिन्न वर्गों के मतदाताओं को पार्टी से जोड़कर निकाय चुनाव में पार्टी की सोशल इंजीनियरिंग को व्यापक जनाधार देने में जुटेंगे।

बुधवार को प्रदेश पदाधिकारियों और क्षेत्रीय अध्यक्षों के साथ बैठक करने के बाद गुरुवार को पार्टी के राज्य मुख्यालय में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी, प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह और प्रदेश प्रभारी राधा मोहन सिंह ने सभी मोर्चों के प्रदेश अध्यक्षों को निकाय चुनाव में प्रत्येक आयु और वर्ग के मतदाताओं को पार्टी से जोडऩे का मंत्र दिया।

इसी कड़ी में सभी मोर्चे छह अप्रैल को भाजपा के स्थापना दिवस से लेकर 14 अप्रैल को डा.भीमराव आंबेडकर के जन्मदिवस तक आयोजित होने वाले सामाजिक न्याय सप्ताह के दौरान एक-एक दिन कार्यक्रम आयोजित करेंगे। मसलन किसान मोर्चा नौ अप्रैल को प्रत्येक ब्लाक में प्राकृतिक खेती पर आधारित जनजागरण कार्यक्रम आयोजित करेगा। पिछड़ा वग मोर्चा 11 अप्रैल को महात्मा ज्योतिबा फुले के जन्मदिवस पर प्रदेश के प्रत्येक महानगर, नगर पालिकाओं व नगर पंचायतों में उनके जीवन दर्शन और संघर्षों पर आधारित कार्यक्रम आयोजित करेगा। डा.भीमराव आंबेडकर के जन्मदिवस पर 14 अप्रैल को अनुसूचित जाति मोर्चा कार्यक्रम आयोजित करेगा।

सामाजिक न्याय सप्ताह के दौरान आयोजित किये जाने वाले इन कार्यक्रमों के अलावा सभी मोर्चे अपने लक्षित वर्ग को साधने के लिए निकायों में सम्मेलन आयोजित करेंगे। 18 वर्ष की आयु प्राप्त कर पहली बार वोट डालने का अधिकार प्राप्त करने वाले नौजवानों को पार्टी से जोडऩे के लिए युवा मोर्चा नवमतदाता सम्मेलन आयोजित करेगा। किसान मोर्चा निकायों में किसान सम्मेलन आयोजित करेगा। महिला मोर्चा पर सम्मेलनों और कार्यक्रमों के जरिये निकायों में आधी आबादी के बीच पैठ बनाने की जिम्मेदारी होगी।

वहीं, पिछड़ा वर्ग, अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति मोर्चा पिछड़ों/दलितों के बीच गरीब कल्याण योजनाओं के अलावा मोदी-योगी सरकारों द्वारा इन वर्गों के लिए किये गए कार्यों का बखान कर उन्हें साधने का काम करेंगे। अल्पसंख्यक मोर्चा भी अल्पसंख्यकों विशेष तौर पर मुस्लिमों के बीच सम्मेलन आयोजित करेगा।

'गांव-गांव चलो, घर-घर चलो' संपर्क अभियान चलाएगा पिछड़ा वर्ग मोर्चा

भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा पार्टी के स्थापना दिवस छह अप्रैल से 14 अप्रैल को डा.भीमराव आंबेडकर के जन्मदिवस तक ''''गांव-गांव चलो, घर-घर चलोÓ संपर्क अभियान के जरिये प्रत्येक गांव-घर में अपनी उपस्थिति दर्ज कराएगा। पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष नरेन्द्र कश्यप ने बताया कि इस अभियान का शुभारंभ हरियाणा के मानेसर जिले में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा व पिछड़ा वर्ग मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के. लक्ष्मण करेंगे। उत्तर प्रदेश के छह क्षेत्रों में अभियान का शुभारंभ राज्य सरकार के मंत्री और पार्टी के वरिष्ठ नेता करेंगे।

यह भी जानकारी दी कि इस अभियान के जरिये पिछड़ा वर्ग मोर्चा के पदाधिकारी व कार्यकर्ता 15 हजार गांवों, 17 नगर निगमों और 741 नगर पालिका परिषदों व नगर पंचायतों में निकाय व लोक सभा चुनावों के दृष्टिगत पिछड़ा वर्ग के मतदाताओं से संपर्क करेंगे।

chat bot
आपका साथी