कांग्रेस डायनासोर की तरह विलुप्त हो रही… राजनाथ सिंह ने आगरा में की रैली, भाषण में किया महात्मा गांधी का जिक्र
तीसरे चरण के मतदान की तिथि जैसे-जैसे नजदीक आ रही है वैसे ही भाजपा नेताओं के हमले भी तेज होते जा रहे हैं। बाह के जरार में बुधवार को विशाल जनसभा में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह कांग्रेस पर तीखा हमला किया। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद महात्मा गांधी ने कांग्रेस खत्म करने और गरीबी मिटाने की इच्छा व्यक्त की थी। मगर तब ऐसा नहीं हुआ।
जागरण संवाददाता, आगरा। तीसरे चरण के मतदान की तिथि जैसे-जैसे नजदीक आ रही है, वैसे ही भाजपा नेताओं के हमले भी तेज होते जा रहे हैं। बाह के जरार में बुधवार को विशाल जनसभा में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह कांग्रेस पर तीखा हमला किया।
उन्होंने कहा कि आजादी के बाद महात्मा गांधी ने कांग्रेस खत्म करने और गरीबी मिटाने की इच्छा व्यक्त की थी। मगर, तब ऐसा नहीं हुआ। अब आप लोग बापू की इच्छा पूरी कर रहे हो। कांग्रेस डायनासोर की तरह विलुप्त हो रही है। इसे आप और खत्म कर दो। बापू की गरीबी खत्म करने की इच्छा भाजपा पूरी कर देगी।
गिनवाईं उपलब्धियां
32 मिनट के संबोधन में रक्षा मंत्री ने केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को गिनाने के साथ ही अनुच्छेद 370, तीन तलाक खत्म करने को उपलब्धियों में गिनाया। वहीं कांग्रेस के साथ सपा को समाप्त पार्टी बताया।
जरार के मंडी ग्राउंड में अपने तय समय से आधा घंटे देरी से पहुंचे रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भारत माता की जय से संबोधन शुरू किया। सबसे पहले उन्होंने भाजपा प्रत्याशी सांसद राजकुमार चाहर के प्रति जनता की नाराजगी को देखते हुए कहा कि उनकी क्षमताओं को देखते हुए पार्टी ने राष्ट्रीय स्तर की जिम्मेदारी दी, इसलिए हो सकता है वे आपके बीच कम आ सके हों। मगर, अब उन्होंने मंच से गलती स्वीकार की है। मुझे लगता है सभी के गिले शिकवे दूर हो गए होंगे।
सोच कर वोट करना: राजनाथ
उन्होंने कहा कि आप जो भी करते हैं, देश के लिए करते हैं। इसलिए यह देखना है कि कौन सी पार्टी है जो देश का मस्तक ऊंचा कर रही है। यह सोचकर वोट करना है। उन्होंने पुरानी सभाओं की बात को दोहराते हुए कहा कि पहले भारत को कोई गंभीरता से नहीं लेता था। आज भारत बोलता है तो दुनिया कान खोलकर सुनती है।
पुरानी बातों को याद दिलाते हुए उन्होंने कहा कि वर्ष 1947 में जब आजादी मिली थी तब महात्मा गांधी ने कहा था कि जिस झंडे के नीचे हमने आजादी की लड़ाई लड़ी, उसे राजनीति के लिए इस्तेमाल नहीं करना चाहिए। कांग्रेस को समाप्त कर देना चाहिए।
यह भी पढ़ें: 'वोट जिहाद' मामले में अखिलेश ने सलमान खुर्शीद की भतीजी का लिया पक्ष, बचाव में कही ये बात
यह भी पढ़ें: सपा ने फतेहपुर सीट से घोषित किया प्रत्याशी, अखिलेश ने इस दिग्गज पर जताया भरोसा; कल करेंगे नामांकन