यूपी कांग्रेस के अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू हाउस अरेस्ट, ताली-थाली बजाकर किया कृषि कानूनों का विरोध

लखनऊ में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने अपने घर पर ही ताली-थाली बजाकर कृषि कानूनों का विरोध कर रहे किसानों का समर्थन किया। जब वह भाजपा के सांसदों और विधायकों के घरों का घेराव करने जाने लगे तो पुलिस ने उनको उनके घर में नजरबंद कर दिया।

By Umesh TiwariEdited By: Publish:Wed, 23 Dec 2020 02:13 PM (IST) Updated:Wed, 23 Dec 2020 02:13 PM (IST)
यूपी कांग्रेस के अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू हाउस अरेस्ट, ताली-थाली बजाकर किया कृषि कानूनों का विरोध
यूपी कांग्रेस के अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने कहा कि केंद्र सरकार किसान विरोधी है।

लखनऊ, जेएनएन। उत्तर प्रदेश में कांग्रेस ने पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की जयंती पर कृषि कानूनों के खिलाफ प्रदेशव्यापी प्रदर्शन का ऐलान किया है। इसी क्रम में राजधानी लखनऊ में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने अपने घर पर ही ताली-थाली बजाकर कृषि कानूनों का विरोध कर रहे किसानों का समर्थन किया। जब वह भाजपा के सांसदों और विधायकों के घरों का घेराव करने जाने लगे तो पुलिस ने उनको उनके घर में नजरबंद कर दिया। इसके बाद उनके पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ लल्लू धरने पर बैठ गए।

पत्रकारों से बातचीत में यूपी कांग्रेस के अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने कहा कि केंद्र सरकार किसान विरोधी है। कांग्रेस किसानों के समर्थन में सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष करेगी। सरकार किसानों के प्रदर्शन के बाद भी कृषि कानूनों को वापस नहीं ले रही है। सरकार घमंडी हो गई है। एमएसपी के आश्वासन पर लल्लू ने कहा कि क्यों नहीं विधेयक लाकर इसकी गारंटी सरकार दे रही है। उन्होंने कहा कि सरकार कॉरपोरेट घरानों के हाथों किसानों को बेचना चाहती है।

अजय कुमार लल्लू ने कहा कि किसान संगठन लंबे समय से आंदोलन कर रहे हैं लेकिन केंद्र की भाजपा सरकार के कान पर जूं तक नहीं रेंग रही। इसलिए अब कांग्रेस को आंदोलन का फैसला लेना पड़ा। इस आंदोलन के तहत कांग्रेस पार्टी भाजपा के सांसदों और विधायकों के आवासों व कार्यालयों का घेराव करेगी और ताली व थाली बजाकर प्रदर्शन भी किया जाएगा। हालांकि, पुलिस ने उन्हें नजरबंद कर दिया गया।

इस ठंड के ठिठुरन में किसान लगभग 28 दिनों से सड़कों पर है। भाजपा सरकार किसानों का दमन कर रही है।

आज लखनऊ में बहुखंडी स्थित भाजपा विधायकों - मंत्रियों के आवास पर ताली - थाली बजाकर सरकार का विरोध किया।#किसान_हमारा_अभिमान pic.twitter.com/Yr8zFiPly1— Ajay Kumar Lallu (@AjayLalluINC) December 23, 2020

अजय कुमार लल्लू ने कहा कि किसान विरोधी तीनों काले कृषि कानूनों के खिलाफ देश भर के किसान संगठन लंबे समय से आंदोलनरत हैं। इस दौरान कई किसानों की दुखद मौतें भी हो चुकी हैं, लेकिन केंद्र सरकार किसानों की मांगों की लगातार अनदेखी कर रही है। उन्होंने कहा कि तीनों काले कृषि कानूनों को वापस लिए जाने तक कांग्रेस पार्टी का संघर्ष जारी रहेगा।

chat bot
आपका साथी