सीएम योगी आदित्यनाथ ने दीं रामनवमी की शुभकामनाएं, कहा- लोग घरों में ही रहकर करें अनुष्ठान

Ram Navmi 2020 मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा धार्मिक अनुष्ठान हम घर पर रहकर ही करें। लॉकडाउन को पूर्ण समर्थन दें तो कोरोना वायरस के खिलाफ अभियान को एक नई गति मिलेगी।

By Umesh TiwariEdited By: Publish:Wed, 01 Apr 2020 11:54 PM (IST) Updated:Thu, 02 Apr 2020 12:06 AM (IST)
सीएम योगी आदित्यनाथ ने दीं रामनवमी की शुभकामनाएं, कहा- लोग घरों में ही रहकर करें अनुष्ठान
सीएम योगी आदित्यनाथ ने दीं रामनवमी की शुभकामनाएं, कहा- लोग घरों में ही रहकर करें अनुष्ठान

लखनऊ, जेएनएन। Ram Navmi 2020 : मां भगवती के अनुष्ठान के पर्व वासंतिक नवरात्र और मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के पावन जन्मदिन रामनवमी पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। योगी ने कहा है कि शक्ति की अधिष्ठात्री देवी मां भगवती इस चराचर जगत की आदिशक्ति हैं तो मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम का संपूर्ण जीवन हम सबको जीवन के उच्च आदर्शों और मर्यादाओं का पालन करने की एक नई प्रेरणा प्रदान करता है। इसलिए कोराना वायरस के संक्रमण को देखते हुए लोग घरों में ही रहकर रामनवमी मनाएं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि सभी प्रकार के धार्मिक अनुष्ठान हम घर पर रहकर ही करें और लॉकडाउन को पूर्ण समर्थन दें तो भारत के कोरोना वायरस के खिलाफ अभियान को एक नई गति मिलेगी और हम प्रत्येक नागरिक को बचाने में सफल होंगे। मां भगवती की शक्ति और भगवान श्रीराम की मर्यादा हम सबको अपने राष्ट्रीय कर्तव्यों से जोड़ने में नई शक्ति प्रदान करेगी।

मा. मुख्यमंत्री श्री @myogiadityanath जी ने आदि शक्ति मां भगवती के अनुष्ठान का पर्व वासन्तिक नवरात्रि एवं मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के पावन जन्मदिन रामनवमी पर प्रदेशवासियों को अपनी हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं।

— CM Office, GoUP (@CMOfficeUP) April 1, 2020

विधानसभा अध्यक्ष हृदय नारायण दीक्षित ने चैत्र रामनवमी के पावन पर्व पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि रामनवमी त्योहार का महत्व हिंदू धर्म सभ्यता में महत्वपूर्ण है। इसके साथ ही चैत्र नवरात्र का समापन भी होता है। उन्होंने कहा कि श्रीराम का चरित्र नरत्व के लिए तेजोमय दीप स्तंभ के साथ ही परमादर्श के रूप में प्रतिष्ठित है। वे सदैव कर्तव्यनिष्ठा के प्रति आस्थावान रहे हैं।

रामनवमी की शुभकामनाएं देते हुए उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के जन्मदिन और शक्ति की देवी मां दुर्गा के अनुष्ठान की नवमी तिथि पर सबके जीवन में नई ऊर्जा का संचार होने की कामना की है। वहीं, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने शुभकामनाएं देते हुए कहा है कि प्रदेशवासियों को कोरोना जैसी महामारी से लड़ने की शक्ति देने की ईश्वर से प्रार्थना है। उन्होंने कोरोना से संपूर्ण बचाव करते हुए घरों में सुरक्षित रहने की अपील भी की है।

chat bot
आपका साथी