केंद्रीय मंत्रियों को भरोसा इस वर्ष के अंत तक होगा आतंक का खात्मा

केंद्रीय मंत्रियों को भरोसा है कि इस वर्ष के अंत तक आतंकी गतिविधियों का खात्मा हो जाएगा। केंद्रीय मंत्री राम शंकर कठेरिया तथा नरेंद्र सिंह तोमर मानते हैं कि भारत किसी भी आतंकी हमले का माकूल जवाब देने में सक्षम है।

By Dharmendra PandeyEdited By: Publish:Sun, 03 Jan 2016 04:08 PM (IST) Updated:Sun, 03 Jan 2016 04:11 PM (IST)
केंद्रीय मंत्रियों को भरोसा इस वर्ष के अंत तक होगा आतंक का खात्मा

लखनऊ। केंद्रीय मंत्रियों को भरोसा है कि इस वर्ष के अंत तक आतंकी गतिविधियों का खात्मा हो जाएगा। केंद्रीय मंत्री राम शंकर कठेरिया तथा नरेंद्र सिंह तोमर मानते हैं कि भारत किसी भी आतंकी हमले का माकूल जवाब देने में सक्षम है।

आगरा में केन्द्रीय खनन मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी देश के साथ ही दुनिया में शांति के लिए प्रतिबद्ध हैं। हमारी सरकार किसी भी आतंकी हमले का जवाब देने को तैयार है। उन्होंने कहा कि मुझे यकीन है कि इस वर्ष के अंत तक आतंक का खात्मा हो जाएगा। उन्होंने वित्त मंत्री अरुण जेटली पर लगे सभी आरोपों को बेबुनियाद बताया। श्री तोमर ने बिहार विधानसभा व झारखण्ड निकाय चुनाव में पार्टी की हार पर बात करने से इन्कार किया।

आगरा के सांसद तथा केंद्रीय मानव संसाधन राज्य मंत्री रामशंकर कठेरिया ने कहा कि देश में आतंकी घटनाएं चिंता की बात हैं। यह किसी भी देश को काफी प्रभावित कर देती हैं, लेकिन भारत में इस वर्ष के अंत तक इसका खात्मा हो जाएगा। इसके साथ ही दुनिया को भी इससे निजात मिलेगी। देश के अंदर तथा बाहर के आतंक से निपटने के लिए केंद्र सरकार उचित कदम उठा रही है। कठेरिया ने कहा कि आतंकवादियों को पाकिस्तानी संरक्षण के चलते हमला हो रहा है।

बागपत के बड़ौत में एक कार्यक्रम में पधारे भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह ने कहा कि अब आतंकी पराभाव की ओर हैं। इसी कारण से यह लोग लोगों में दहशत फैलाना चाह रहे हैं। केंद्र सरकार इनकी हरकतों को कहीं पर भी नजर अंदाज नहीं करेगी। इनके साथ सख्ती से निपटा जाएगा। अरुण सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार अब तक केंद्र सरकार की नीतियों को लोगों तक नहीं पहुंचने दे रही। भाजपा वर्ष 2017 में विधानसभा चुनाव अकेले लड़कर सरकार बनाएगी।

chat bot
आपका साथी