UP के दस हजार गांवों को मथेंगे भाजपा कार्यकर्ता, 1 दिसंबर से ग्राम स्वराज अभियान चलाएगी पार्टी

महात्मा गांधी की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी पहली दिसंबर से अगले वर्ष 30 जनवरी तक सूबे में ग्राम स्वराज अभियान संचालित करेगी।

By Umesh TiwariEdited By: Publish:Sun, 24 Nov 2019 09:26 PM (IST) Updated:Mon, 25 Nov 2019 08:42 AM (IST)
UP के दस हजार गांवों को मथेंगे भाजपा कार्यकर्ता, 1 दिसंबर से ग्राम स्वराज अभियान चलाएगी पार्टी
UP के दस हजार गांवों को मथेंगे भाजपा कार्यकर्ता, 1 दिसंबर से ग्राम स्वराज अभियान चलाएगी पार्टी

लखनऊ, जेएनएन। महात्मा गांधी की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी पहली दिसंबर से अगले वर्ष 30 जनवरी तक सूबे में ग्राम स्वराज अभियान संचालित करेगी। इस दौरान भाजपा के विभिन्न मोर्चों के मंडल अध्यक्षों व उनसे ऊपर के सक्रिय कार्यकर्ता सूबे के 10,000 गांवों को मथेंगे। भाजपा कार्यकर्ता इन गांवों में केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों के प्रचार-प्रसार के साथ संगठन को भी मजबूती देने का काम करेंगे।

अभियान की रूपरेखा तय करने और उसके संचालन के लिए रविवार को भाजपा राज्य मुख्यालय में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह और प्रदेश महामंत्री (संगठन) सुनील बंसल ने बैठक की जिसमें सभी मोर्चों के अध्यक्ष, प्रदेश पदाधिकारी व क्षेत्रीय अध्यक्ष शामिल हुए। प्रदेश महामंत्री संगठन ने अभियान की रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि अभियान के तहत मोर्चों के मंडल अध्यक्षों व उनसे ऊपर के 10 हजार सक्रिय कार्यकर्ताओं को एक-एक गांव आवंटित किया जाएगा।

अभियान की अवधि में कार्यकर्ताओं को इन आवंटित गांवों में हर हफ्ते एक बार जाना होगा। उन्हें गांव में केंद्र और राज्य की योजनाओं का प्रचार-प्रसार करने के साथ योजनाओं के लाभार्थियों से संपर्क करना होगा। पार्टी संगठन को मजबूत करने की दृष्टि से बूथ समिति की बैठक करने होगी। गांव के प्रभावी और प्रबुद्ध व्यक्तियों से संपर्क करना होगा। अभियान के दौरान एक से सात दिसंबर तक जिलों में कार्यशालाएं होंगी।

गांधी के निर्वाण दिवस पर होगा ग्राम सम्मेलन

अभियान का समापन 30 जनवरी को महात्मा गांधी के निर्वाण दिवस पर होगा। इस अवसर पर इन सभी गांवों में ग्राम सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा जिसमें महात्मा गांधी के विचारों से प्रेरित होकर भाजपा सरकार द्वारा चलाये जा रहे जल संरक्षण, पर्यावरण की रक्षा, सिंगल यूज प्लास्टिक का निषेध, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, सबको शिक्षा व स्वास्थ्य जैसे कार्यक्रमों के बारे में लोगों को जानकारी दी जाएगी।

युवा हुए मंडल अध्यक्ष

प्रदेश महामंत्री (संगठन) सुनील बंसल ने बताया कि प्रदेश में भाजपा के 1.35 करोड़ सदस्य बने हैं जिनमें 75 लाख नए सदस्य हैं। सक्रिय सदस्यों की संख्या 72000 से बढ़कर 1.11 लाख हुई है। 1.63 लाख बूथ समितियों के चुनाव हुए जिनमें से 1.56 लाख बूथ समितियों का गठन पूरा हो गया है। 1918 मंडलों का गठन करके 1600 मंडल अध्यक्ष घोषित किए जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि इस बार 1300 नए मंडल अध्यक्ष बने हैं जिनमें 1100 पहली बार बने है। इनकी औसत आयु 35 वर्ष है जो पहले 45-50 वर्ष होती थी। पार्टी के 98 में से 97 संगठनात्मक जिलों में चुनाव हो चुके हैं।

chat bot
आपका साथी