अब 21 को लखनऊ आएंगे अटल बिहारी वाजपेयी के 20 अस्थि कलश

हरिद्वार में गंगा में अस्थि विसर्जन के कारण लखनऊ कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया है। 21 को वशेष विमान से अटल बिहारी वाजपेयी के 20 अस्थि कलश को लाया जाएगा।

By Dharmendra PandeyEdited By: Publish:Sun, 19 Aug 2018 09:21 AM (IST) Updated:Sun, 19 Aug 2018 07:25 PM (IST)
अब 21 को लखनऊ आएंगे अटल बिहारी वाजपेयी के 20 अस्थि कलश
अब 21 को लखनऊ आएंगे अटल बिहारी वाजपेयी के 20 अस्थि कलश

लखनऊ (जेएनएन)। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का लखनऊ से गहरा नाता रहा है। उनके निधन के बाद से ही शोक की लहर है। रविवार को यहां उनकी अस्थियां आने वाली थी लेकिन, अब मंगलवार को हरिद्वार से विशेष विमान से 20 अस्थि कलश आएंगे। इसके बाद प्रदेश के सभी 18 मंडलों के लिए अलग-अलग अस्थि कलश यात्रा रवाना होगी। इनको प्रमुख नदियों में प्रवाहित किया जाएगा।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय और संगठन महामंत्री सुनील बंसल ने कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की है। इसके लिए पार्टी के प्रमुख पदाधिकारियों की जिम्मेदारी और जवाबदेही तय की गई है। प्रदेश महामंत्री विजय बहादुर पाठक, गोविंद नारायण शुक्ल और प्रदेश उपाध्यक्ष जेपीएस राठौर को अलग-अलग कार्यक्रम का नेतृत्व सौंपा गया है। इनके सहयोग में भी पदाधिकारी लगाए गए हैं। अटल के प्रति उमड़ रहे भावनाओं के ज्वार को एक बड़ा मंच देने की तैयारी की गई है। रविवार को हरिद्वार में उनकी अस्थियां प्रवाहित की जानी थी, इसलिए लखनऊ के आयोजन को टाल दिया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ हरिद्वार पहुंचे थे। अब अस्थि कलश लेने डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय, संगठन के पदाधिकारी और राज्य सरकार के मंत्री जाएंगे। प्रदेश अध्यक्ष डॉ. पांडेय का कहना है कि बहुआयामी व्यक्तित्व के धनी अटल जी ने सात दशकों तक भारतीय राजनीति को एक दिशा दी है। ऐसे महापुरुष को अंतिम प्रणाम करने का अवसर सभी को मिलेगा। अस्थि कलश यात्रा के बाद भाजपा की सांगठनिक 92 जिला इकाइयों और 1400 से अधिक मंडल इकाइयों में भी श्रद्धांजलि सभा आयोजित होगी। 

भाजपा मुख्यालय पर अस्थि कलश दर्शन

मंगलवार को भाजपा मुख्यालय में अटल के अस्थि कलश दर्शनार्थ रखे जाएंगे। फिर प्रदेश के 18 मंडल मुख्यालयों के लिए कलश यात्रा रवाना की जाएगी। हर मंडल में एक प्रमुख नदी में अस्थियों का विसर्जन होगा। मसलन मेरठ मंडल में गढ़मुक्तेश्वर में गंगा नदी, सहारनपुर के सरसांवा में यमुना, मुरादाबाद में रामगंगा, आगरा में यमुना, चित्रकूट में मंदाकिनी, झांसी में बेतवा, अयोध्या में सरयू, गोरखपुर में राप्ती, आजमगढ़ में तमसा, इलाहाबाद में संगम में अटल की अस्थियां विसर्जित होंगी। इस कलश यात्रा को भाजपा मुख्यालय से प्रदेश सरकार के एक मंत्री और भाजपा संगठन के एक प्रमुख पदाधिकारी लेकर जाएंगे। 

श्रद्धांजलि सभा में होगा अटल का परिवार

लखनऊ में गोमती नदी के किनारे झूलेलाल पार्क में 23 अगस्त को एक श्रद्धांजलि सभा आयोजित की जा रही है। भाजपा उपाध्यक्ष जेपीएस राठौर ने बताया कि इस सभा में अटल जी की दत्तक पुत्री समेत उनका परिवार व उनके निजी सलाहकार शिव कुमार शामिल होंगे। केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रमुख राजनीतिक दलों के अध्यक्ष, धर्म गुरु और लखनऊ महानगर के लोग अटल के प्रति अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। शाम को उनका अस्थि कलश गोमती नदी में प्रवाहित किया जाएगा। 

 
chat bot
आपका साथी