देवी मंदिरों में उमड़ा आस्था का ज्वार, लगे जयकारे

जागरण संवाददाता, कानपुर देहात: चैत्र नवरात्र के तीसरे दिन मंगलवार को आदि शक्ति के तीसरे स्

By JagranEdited By: Publish:Wed, 21 Mar 2018 01:40 AM (IST) Updated:Wed, 21 Mar 2018 01:40 AM (IST)
देवी मंदिरों में उमड़ा आस्था का ज्वार, लगे जयकारे
देवी मंदिरों में उमड़ा आस्था का ज्वार, लगे जयकारे

जागरण संवाददाता, कानपुर देहात: चैत्र नवरात्र के तीसरे दिन मंगलवार को आदि शक्ति के तीसरे स्वरूप माता चंद्रघंटा का धूमधाम के साथ पूजन हुआ। भक्तों ने देवी मंदिरों में पहुंचकर नारियल, चुनरी फल, फूल व नैवेद्य अर्पित कर माता का पूजन कर दुर्गुणों व कुसंस्कारों से मुक्ति व कल्याण की कामना की। पूरे दिन घरों व मंदिरों में या देवी सर्व भूतेषु शांति रूपेण संस्थित: नमस्तस्यै, नमस्तस्यै, नमस्तस्यैं नमो नम: के मंत्र गूंजते रहे।

नवरात्र के तीसरे दिन दिन जिले के पौराणिक व ऐतिहासिक महत्व के देवी मंदिरों में सुबह से ही आदि शक्ति के तीसरे स्वरूप माता चंद्रघंटा के पूजन के लिए भक्तों की भीड़ उमड़ी। पूजन सामग्री से सजी थाल, नारियल, चुनरी फल फूल आदि के साथ भक्तों ने मूसानगर के मुक्तेश्वरी मंदिर, कथरी गांव के मां कात्यायनी देवी मंदिर, लम्हरा गांव स्थित मां परहुल देवी मंदिर में विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया। रूरा के दुर्गा मंदिर, पाथामाई मंदिर, सरगांव बुजुर्ग के कालिका देवी मंदिर, शिवली के मानशिला मंदिर, मैथा की सम्मोहनी माता मंदिर, केशरी निवादा के गगनी माता मंदिर, राजपुर के मां शीतला देवी मंदिर, सिकंदरा के काली देवी मंदिर, पलिया डेरापुर के मां काली मंदिर में भी पूजन अर्चन व माता के दर्शन व पूजन का सिलसिला चला। सांध्य बेला में महिलाओं ने मंदिरों में पहुंचकर ढोलक मंजीरों के साथ मां भगवती के भजन गाकर माहौल को भक्तिमय बनाया।

इन मंदिरों में हुआ विशेष पूजन

-मां मौहर देवी मंदिर: पुखरायां के प्रमुख देवी मंदिर में सुबह से ही भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। महिलाओं व पुरुषों ने क्रम से माता के दर्शन पूजन कर देवी की स्तुति की। मंदिर परिसर में सजाई गई आदिशक्ति की झांकी आकर्षण का केंद्र रही। भक्तों ने जयकारों के साथ पूजन कर मनौतियां मानीं।

मां पंथा माता मंदिर: शिवली कस्बे में मां पंथामाता के मंदिर पहुंचे भक्तों ने कतार में खड़े होकर मां के दर्शन का इंतजार किया।पूजन के बाद श्रद्धालुओं ने असाध्य रोगों से मुक्ति की कामना के साथ ही परिसर में स्थित गुरू कूप का जल ग्रहण किया।

मां बंगला मुखी मंदिर: मैथा ब्लाक के ज्योती गांव स्थित मां बंगलामुखी मंदिर में भी आदिशक्ति के विशेष पूजन का आयोजन हुआ। सुबह से ही भक्तों की भारी भीड़ रही। दूरस्थ स्थानों से यहां पहुंचे श्रद्धालुओं ने पूजन अर्चन के साथ भक्तों ने शत्रु व भय नाश की कामना की।

-मां कौमारी देवी मंदिर: रसूलाबाद तहसील क्षेत्र के लालाभगत स्थित कौमारी देवी मंदिर में पहुंचे भक्तों ने पूजन और धार्मिक अनुष्ठानों के साथ आरती में भाग लिया। मां कुक्कुट वाहिनी के पूजन के साथ ही भक्तों ने मंदिर के द्वार पर रखे पत्थर के कटे सिर के मुर्गे का भी पूजन किया। इस दौरान जयकारों से माहौल भक्तिमय रहा।

मां कालिका देवी मंदिर: अकबरपुर कस्बे में ऐतिहासिक कालिका देवी मंदिर में आदि शक्ति के तीसरे स्वरूप के पूजन की धूम रही। मंदिर में सुबह से ही दर्शन व पूजन को भक्तों की कतारें लग गई। बडी संख्या में मंदिर पहुंची महिलाओं ने पूजन अर्चन किया।

chat bot
आपका साथी