अब फालतू नहीं घूम सकेंगे वाणिज्य कर विभाग के कर्मचारी, महीने भर क्या काम किया देना होगा हिसाब

विभाग ने एक माड्यूल तैयार किया है जिसमें उनके पूरे माह के कार्य की जानकारी अगले माह की 10 तारीख तक फीड की जाएंगी। इससे अब मुख्यालय उनके कार्यों पर नजर भी रख सकेगा और कार्य ना करने वाले कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई कर सकेगा।

By Shaswat GuptaEdited By: Publish:Tue, 16 Nov 2021 12:48 PM (IST) Updated:Tue, 16 Nov 2021 12:48 PM (IST)
अब फालतू नहीं घूम सकेंगे वाणिज्य कर विभाग के कर्मचारी, महीने भर क्या काम किया देना होगा हिसाब
सूबे में वाणिज्य कर कर्मियों को भी बताना होगा क्या कार्य किया।

कानपुर, जागरण संवाददाता। वाणिज्य कर विभाग के अधिकारियों की तरह ही अब वाणिज्य कर विभाग के कर्मचारियों को भी बताना होगा कि उन्होंने पूरे माह क्या कार्य किया और कितनी कार्यवाही प्रस्तावित कीं। मुख्यालय सीधे उनके कार्यों पर नजर रख सके, इसके लिए विभाग ने एक माड्यूल भी तैयार किया है जिसमें उनके पूरे माह के कार्य की जानकारी अगले माह की 10 तारीख तक फीड की जाएगी। इससे अब मुख्यालय उनके कार्यों पर नजर भी रख सकेगा और कार्य ना करने वाले कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई कर सकेगा।

जीएसटी लागू होने के बाद से वाणिज्य कर कर्मचारियों को उनके पद के हिसाब से कोई कार्य आवंटित नहीं किया गया था। इसको लेकर वाणिज्य कर विभाग के कर्मचारी लगातार आंदोलन कर रहे थे। आखिरकार पिछले दिनों मुख्यालय स्तर से वाणिज्य कर कर्मचारियों को पूरे सूबे में उनके कार्य आवंटित कर दिए गए थे। कार्य आवंटित ना होने की वजह से वे क्या कार्य कर रहे हैं, इनका भी कोई मूल्यांकन नहीं हो पा रहा था लेकिन अब मुख्यालय ने तृतीय श्रेणी कर्मचारियों के लिए भी एक नया माड्यूल बना दिया है। अब पूरे माह कर्मचारियों ने क्या किया, इसकी जानकारी उन्हें अगले माह के पहले 10 दिन के अंदर फीड करनी होगी।

10 तारीख के बाद वे अपने कार्यों को इस माड्यूल में फीड नहीं कर सकेंगे। माड्यूल में फीड होने की वजह से अब मुख्यालय में बैठे अधिकारी सीधे देख सकेंगे कि कौन सा कर्मचारी कितना कार्य कर रहा है। कर्मचारी अपना जो भी डाटा फीड करेंगे, उसे एडीशनल कमिश्नर को सत्यापित करना होगा। ऐसी स्थिति में कर्मचारी गलत डाटा भी फीड नहीं कर सकेंगे। कार्य ना करने वाले कर्मचारियों के पास फीड करने के लिए कुछ नहीं होगा, इसलिए ऐसे कर्मचारी तुरंत ही अधिकारियों की नजर में आ जाएंगे।

chat bot
आपका साथी