Kanpur Dehat : पूर्व विधायक का बेटा निकला डीजल चोर, पुलिस ने गिरोह के दो सदस्यों को किया गिरफ्तार

कानपुर देहात में पुलिस ने वाहनों से डीजल चोरी करने वाले दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए दो आरोपितों में से एक डेरापुर व सिकंदरा से 4 बार विधायक रहे थे स्व. भगवानदीन कुशवाहा का पुत्र है।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 28 Sep 2022 09:49 PM (IST) Updated:Wed, 28 Sep 2022 09:49 PM (IST)
Kanpur Dehat :  पूर्व विधायक का बेटा निकला डीजल चोर, पुलिस ने गिरोह के दो सदस्यों को किया गिरफ्तार
कानपुर देहात में पूर्व विधायक का बेटा चुरा रहा डीजल।

कानपुर देहात, जागरण संवाददाता। हाईवे से ट्रक व अन्य वाहनों का डीजल चुराने वाले गिरोह के दो सदस्यों को कार, तमंचा, डीजल चोरी करने के उपकरण संग गिरफ्तार किया है। एक आरोपित पूर्व विधायक स्व. भगवानदीन कुशवाहा का पुत्र बृजेंद्र प्रकाश है। भगवानदीन यहां जिले में डेरापुर व सिकंदरा सीट से चार बार विधायक रहे थे।

मंगलवार देर रात को सिठमरा चौकी इंचार्ज झींझक रोड पर गश्त पर थे। अमौली ठकुरान गांव के पास स्थित मजार के नजदीक सिठमरा निवासी बृजेंद्र प्रकाश संदिग्ध अवस्था में खड़ा था। इसी दौरान एक कार उसे बैठाने के लिए रुकी। पुलिस ने बृजेंद्र प्रकाश को पकड़ लिया जबकि कार चला रहे औरैया के भाऊपुर सरैया निवासी बंदी उर्फ बृजेंद्र सिंह को भी पकड़ा।

रूरा थानाध्यक्ष प्रवीन कुमार ने बताया कि पकड़े गए युवक दोनों आपस में दोस्त हैं और देर रात को कार से निकल कर हाईवे पर ढाबों व बाकी जगह सड़क किनारे खड़े ट्रक व अन्य वाहनों से डीजल चुराने का काम करते हैं। यह लोग वाहनों की डीजल टंकी को खोलकर या तोड़कर पाइप से कैन में डीजल निकालकर भाग निकलते हैं।

इसके बाद सस्ते दाम में इसकी बिक्री कर मुनाफा कमाते हैं। वहीं बृजेंद्र प्रकाश पूर्व विधायक स्व. भगवानदीन कुशवाहा का पुत्र है। वह 1974 से लेकर 1989 तक डेरापुर व सिकंदरा विधानसभा क्षेत्र से चार बार विधायक रहे। लोकदल व जनता दल से उन्होंने जीत दर्ज की थी। उनके बेटे की गिरफ्तारी की चर्चा पूरे क्षेत्र में रही।

chat bot
आपका साथी