भारत-नेपाल सीमा सील और पगडंडियों पर भी पहरा, जानें-क्या है कारण

भारत-नेपाल की सोनौली सीमा शुक्रवार की रात से ही सीट हो गई है। यहां तक कि पगडंडियों पर भी पहरा लगा दिया गया है। वाहनों का प्रवेश बंद है।

By Edited By: Publish:Sat, 18 May 2019 12:21 PM (IST) Updated:Sun, 19 May 2019 02:24 PM (IST)
भारत-नेपाल सीमा सील और पगडंडियों पर भी पहरा, जानें-क्या है कारण
भारत-नेपाल सीमा सील और पगडंडियों पर भी पहरा, जानें-क्या है कारण
गोरखपुर, जेएनएन। लोकसभा चुनाव को सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस ने चुनाव आयोग के निर्देश पर शुक्रवार की रात भारत-नेपाल की सोनौली सीमा को सील कर दिया है। रविवार की शाम मतदान संपन्न होने के बाद सीमा पुन: खोली जाएगी। इसी के साथ जिले में पड़ने वाले ठूठीबारी, झुलनीपुर, बरगदवा, भगवानपुर आदि भारतीय नाकों को भी सील किया गया है। मालूम हो कि गोरखपुर मंडल के छह लोकसभा सीटों पर 19 मई को मतदान है। मतदान से पूर्व पोलिंग पार्टियों की रवानगी होगी। इसे देखते हुए भारत-नेपाल सीमा को सील किया गया है। भारत की तरफ से बार्डर पर बैरियर लगाया गया है, ताकि किसी भी तरह से वाहन का प्रवेश न हो सके।
पैदल यात्रियों के लिए कोई मनाही नहीं है। मतदान के बाद ही सीमा खुलेगी। भारत-नेपाल सीमा सील होने के बाद मतदान संपन्न होने तक वाहनों का आवागमन पूरी तरह से बंद रहेगा। यात्री पैदल नेपाल आ जा रहे हैं। एसएसबी और पुलिस ने लोकसभा चुनाव को सकुशल संपन्न कराने और सुरक्षा के मद्देनजर शुक्रवार की रात 10 बजे पुलिस चौकी पर बैरियर लगा कर सीमा को सील कर दिया। छोटे वाहनों के भी प्रवेश पर रोक लगा दिया गया है।
एसएसबी 22वीं वाहिनी के कंपनी कमांडर अमित कुमार ने बताया कि रात 10 बजे सीमा सील की गई है। पैदल यात्रियों के आने-जाने पर छूट रहेगी। विवाह, ट्रेन और एयर टिकट यात्री, विदेशी पर्यटक, मरीज, एंबुलेंस के आने-जाने पर छूट रहेगी। बताते चलें कि गत दिनों भारत व नेपाल के अधिकारियों की संयुक्त बैठक में चुनाव के समय सीमा सील करने का निर्णय लिया गया था। जिलाधिकारी अमरनाथ उपाध्याय ने बताया कि लोकसभा चुनाव के मद्देनजर सुरक्षा की दृष्टि से सीमा सील की गई है। मतदान समाप्त होते ही पुन: सीमा को खोल दिया जाएगा।

लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप

chat bot
आपका साथी