Ayodhya: डांडिया खेलते-खेलते अचानक बेसुध होकर गिरा युवक और मुंह से निकलने लगा झाग, मौत

अयोध्या में मरी माता मंदिर परिसर में शनिवार की देर रात एक युवक की डांडिया खेलते हुए मौत हो गई। युवक डांडिया खेलते-खेलते अचानक बेसुध होकर गिर गया। इसक बाद युवक के मुंह से झाग निकलने लगा। अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई।

By Jagran NewsEdited By: Publish:Sun, 02 Oct 2022 06:44 PM (IST) Updated:Sun, 02 Oct 2022 06:44 PM (IST)
Ayodhya: डांडिया खेलते-खेलते अचानक बेसुध होकर गिरा युवक और मुंह से निकलने लगा झाग, मौत
डांडिया खेलते-खेलते अचानक बेसुध होकर गिरा युवक, मौत.

अयोध्या, संवाद सूत्र। छावनी क्षेत्र में गुप्तारघाट स्थित मरी माता मंदिर परिसर में आयोजित डांडिया नाइट के दौरान एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान शहर के खोजनपुर निरालानगर निवासी विजय कश्यप के रूप में हुई है। विजय डांडिया करते-करते अचानक गिर गए और उनके मुंह से झाग निकलने लगा। घटनास्थल पर उपस्थित स्वजन उन्हें लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने विजय को मृत घोषित कर दिया।

कैंट थाना के गुप्तार घाट के पास शनिवार देर रात की घटना है। इस दौरान करीब 100 युवक और युवतियां डीजे की तेज धुन पर झूम रहे थे। शारदीय नवरात्र पर मरी माता मंदिर परिसर में डांडिया नृत्य का आयोजन था। इस मामले में युवक की मौत करंट लगने से भी होने की बात सामने आई है, तो कुछ लोगों का कहना है कि कार्डियक अरेस्ट भी मौत की वजह हो सकती है। लेकिन पुलिस अभी इसकी पुष्टि नहीं कर रही है।

थाना कैंट प्रभारी रतन कुमार शर्मा ने बताया कि विजय कश्यप की मौत का कारण अभी स्पष्ट नहीं है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु का कारण पता चलेगा। स्वजन की ओर से कोई तहरीर भी नहीं दी गई है। विजय अविवाहित थे। उनकी उम्र 20 वर्ष बताई जा रही है। छानबीन में घटना स्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरे की भी मदद ली जाएगी।

युवती ने ननिहाल में लगाई फांसी

ननिहाल आई एक युवती ने फांसी लगा ली। उसका शव रविवार सुबह फंदे से लटकता बरामद हुआ। चौकी प्रभारी अभिनंदन पांडेय के अनुसार मृतका के मामा अरविंद कुमार मौर्या ने बताया कि उनकी भांजी सुमन मौर्य बीकापुर के सेमरा की रहने वाली थी। शनिवार की शाम रामपुर भगन आई थी। रात में उसने बच्चों को पढ़ाया लिखाया। सुबह स्नान के लिए बाथरूम में गई थी। काफी देर तक वह उसके बाहर न निकलने पर घर की महिलाओं ने अंदर जाकर देखा तो उसका शव फंदे से लटक रहा था। पिता बुधराम मौर्या ने बताया कि सुमन की शादी 25 नवंबर को तय थी। वह एसएससी की तैयारी कर रही थी।

chat bot
आपका साथी